भगवान भुवन भास्कर की प्रथम किरण को अर्घ्यदान कर शहरवासियों ने की सुख-समृद्वि की कामना

पिंगलनाम नवसवंत्सर स्वागोत्सव में किया गया नूतन वर्ष का अभिनंदन
ग्वालियर नगर निगम ग्वालियर द्वारा पिंगलनाम नवसवंत्सर के स्वागत के लिये नव संवत्सर महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के सैकड़ों गणमान्य नागरिकों द्वारा नूतन वर्ष पर भगवान भुवन भास्कर की प्रथम किरण को अर्घ्यदान देकर नये वर्ष का स्वागत किया गया तथा ग्वालियर शहर के विकास, ग्वालियर शहर को स्वच्छता में नम्बर 1 बनाने एवं नागरिकों की सुख समृद्वि की कामना की। इस अवसर पर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल, यशवंत इंदापुरकर, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, संगीत विश्वविद्यालय के कुलपति साहित्य कुमार नाहर, अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


नगर निगम, ग्वालियर एवं संस्कार भारती के संयोजन में फूलबाग स्थित जलविहार के मनमोहक, आकर्षक विद्युत सज्जा से सुस्जजित परिसर में आयोजित नव सवंत्सर महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 4.40 बजे, संकीर्तन यात्रा के साथ किया गया। इसके पश्चात सुश्री लक्ष्मी धवल द्वारा शुभारंभ गीत ज्योति कलश छलके… की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। संस्कार भारती के कलाकारों द्वारा जैन वाणी प्रार्थना की प्रस्तुति दी गई। वैदिक ऋचाओं का वाचन किया गया। इसके साथ ही शारदा नाद मंदिर के छात्र-छात्राओं द्वारा संकल्प गीत की प्रस्तुति दी गई, जिसमें हम करें राष्ट्र आराधन……. की प्रस्तुति दी गई तथा कार्यक्रम के अगले क्रम में 5.24 मिनट पर पंडित संतोष संत इंदौर के द्वारा बांसुरी वादन की प्रस्तुति दी।