गोरखनाथ मंदिर पर हमले का खुफिया एजेंसियों ने पहले ही दिया था अलर्ट, मुर्तजा पर भी थी नज़र

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर में रविवार देर शाम हुई घटना को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. सूत्रों ने CNN-न्यूज 18 को बताया कि खुफिया एजेंसियों ने 31 मार्च को ही उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ 16 लोगों के प्रोफाइल साझा किए थे, जिनमें गोरखनाथ मंदिर पर हमले की साजिश रच रहे अहमद मुर्तजा अब्बासी का भी नाम था.

उन्होंने बताया कि मार्च के अंत में राज्य पुलिस और खुफिया अधिकारियों के बीच बैठक हुई थी, जिसमें साझा किए गए प्रोफाइल में से एक आईआईटी स्नातक मुर्तजा का भी था.

मुतर्जा ने रविवार शाम को गोरखनाथ मंदिर के दक्षिण द्वार पर दो प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) के कांस्टेबलों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था. हमलावर ने मंदिर में घुसने से रोके जाने पर कथित तौर पर ‘अल्लाहु अकबर’ के नारे लगाते हुए सुरक्षाकर्मियों पर हमला बोल दिया था.