जिले की प्रस्फुटन समितियों ने गाँव-गाँव में मनाया खुशहाली दिवस
जिले के ग्रामीण अंचल में भी खुशहाली दिवस मनाया गया। इस कड़ी में भितरवार जनपद पंचायत के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों ने गाँव-गाँव में फाग राग का आयोजन कराया। साथ ही आदर्श ग्राम की परिकल्पना के लिए सामूहिक संकल्प, पौधों में पानी देकर, श्रमदान कर और पौधे वितरित कर बच्चों और बड़ो ने खुशहाली दिवस मनाया।
विकासखण्ड भितरवार के जन अभियान परिषद समन्वय अधिकारी श्री मनोज दुबे ने बताया कि खुशहाली दिवस पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बड़की सराय, घरसौंधी, कीरतपुरा, लदवाया, छिरेटा, मैंना, निवी, भानगढ़, चरखा, मसूदपुर, मेहगांव एवं दुबहा टांका सहित लगभग एक दर्जन ग्रामों की प्रस्फुटित समितियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर खुशहाली दिवस मनाया।
इस आयोजन में जन अभियान परिषद से जुड़े सर्वश्री सूरजभान गुर्जर, बृजेन्द्र गुर्जर, कमलेश कुशवाह, कौशलेंद्र सेंगर, मुकेश बघेल, गिर्राज बघेल, नारायण सिंह कुशवाह, कोमल सिंह रावत, वीर सिंह रावत, बलवीर रावत, यतेन्द्र कुशवाह व धीरेन्द्र मौर्य इत्यादि ने भाग लिया।