पेट्रोल बम से MP को दहलाना चाहते थे आतंकी, लोकल के 2 लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही
गिरफ्तार किए गए जमात-ए-मुजाहदीन बांग्लादेश (JMB) के आतंकियों को कोलकाता से फंडिंग हो रही थी। ATS इन्हें फंडिंग करने वालों की तलाश के लिए कोलकाता गई है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि जांच एजेंसी को आतंकियों के पास से पेट्रोल बम बनाने के VIDEO मिले हैं। लोकल के दो लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आतंकियों को किराए पर मकान दिलाने वाला परिवार दो दिन से गायब
उधर, इन आतंकियों को ऐशबाग में किराए पर मकान दिलाने वाले सलमान और उसका परिवार दो दिन से गायब है। टीम मंगलवार को सलमान के घर पहुंची। वहां ताला लगा मिला। पड़ोसियों ने बताया कि सलमान रविवार से नहीं दिखाई दिया। पेशे से कंप्यूटर मैकेनिक सलमान इन दिनों फूड डिलीवरी का काम करता है। जिस घर से आतंकी पकड़ाए थे, वहां से एक किलोमीटर दूर बाग फरहत अफजा में उसका घर है। पड़ोसियों का कहना है कि सलमान का भाई घर पर ही कोचिंग सेंटर चलाता है। वो अपने समाज के पहली से दसवीं तक के छात्रों को कोचिंग देता है। वह आलिम की तालीम भी देता है। ATS अब यह जांच कर रही है कि कहीं आतंकी भी आलिम की तालीम लेने सलमान के भाई के पास तो नहीं जाते थे। सूत्रों का कहना है कि सलमान को ATS ने गिरफ्तार कर लिया है, और वो उससे पूछताछ कर रही है।