ग्वालियर आए केंद्रीय पर्यटन मंत्री अधिकारियों पर भड़के, मानसिंह महल में गंदगी देख लगाई फटकार
केन्द्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी मानसिंह महल में घूमते समय अचानक गुस्से में आ गए। उनके गुस्से का कारण था वहां फैली गंदगी। इस पर उन्होंने पर्यटन विभाग के अफसरों को जमकर फटकार लगाई। इतना ही नहीं उनको यहां तक कहना पड़ा कि क्या मैं झाडू लगाने आऊं। साथ ही कहा कि ग्वालियर का किला पर्यटन, देश दोनों के लिहाज से ऐतिहासिक है। यहां टूरिस्ट बढ़ाने के लिए लगातार प्लान किया जा रहा है। उन्होंने मानसिंह महल की खूबसूरती की सराहना भी की है।
मंगलवार सुबह ग्वालियर आए केन्द्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी को दोपहर में ग्वालियर का ऐतिहासिक किला देखने पहुंचे। यहां घूमने के दौरान उनके साथ ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी साथ थे। ग्वालियर फोर्ट पहुंचने के बाद केन्द्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने मानसिंह महल देखा। यहां जब वह दुर्ग की दीवार देखने जा रहे थे तो सीढ़ियों पर गंदगी देख भड़क गए। इसके बाद पर्यटन विभाग के अफसरों को बुलाया और गंदगी दिखाई गई। यहां जी किशन रेड्डी का कहना था कि मंत्री आने पर यह हालात हैं तो आम दिनों में क्या हालात होते होंगे। पर्यटन विभाग के अफसर से पूछा कितना स्टाफ है यहां उन्होंने जवाब दिया कि 40 कर्मचारी हैं। इस पर केन्द्रीय पर्यटन मंत्री को कहना पड़ा कि क्या मैं झाडू लगाने आऊं। पर्यटन विभाग के अफसर बार-बार सॉरी कहते हुए नजर आए।