हुंडी दलाल मोनू गुप्ता को राजनैतिक संरक्षण प्राप्त, कार्यावाही नहीं होने पर व्यापारियों में रोष, निकाला कैंडल मार्च

ुंडी दलाल आशीष गुप्ता के मामले में कार्यवाही आगे नहीं बढऩे पर व्यापारियों में खासा रोष है। इसके विरोध में कारोबारियों ने अपने आंदोलन की शुरूआत करते हुए दाल बाजार तिराहे से इंदरगंज चौराहे तक कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान कारोबारियों ने नारेबाजी भी की। कारोबारियों ने व्यापारी एकता जिंदाबाद, आरोपियों को गिरफ्तार करो, हर्षिल के हत्यारों को गिरफ्तार करो जैसे नारे लगाए।

कारोबारी हर्षिल को श्रद्धांजलि अर्पित की

इस मौके पर करीब एक माह पूर्व 25 लाख रुपए की नकली हुंडी से रुपया गंवाकर आत्महत्या करने वाले युवा कारोबारी हर्षिल साहनी को कारोबारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कारोबारियों ने कहा कि शहर में सटोरियों ने फर्जी सील एवं हुंडी पर नकली हस्ताक्षर कर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की है, इसमें पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी आशीष गुप्ता को गिरफ्तार किया।

मोनू को राजनैतिक संरक्षण प्राप्त, हमारा विरोध जारी रहेगा

सटोरियों के सरगना रितेश गुप्ता उर्फ मोनू को राजनैतिक संरक्षण प्राप्त होने की वजह से गिरफ्तारी नहीं की जा रही है। इसके चलते हमारा विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन, भूख हड़ताल और उसके बाद कारोबारियों ने कहा कि बाजार भी बंद करेंगे। इस मामले में आगामी रणनीति बनाने को लेकर 26 फरवरी शनिवार की शाम 5 बजे मप्र चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में शहर के सभी प्रमुख बाजारों के प्रतिनिधियोंं की बैठक रखी गई है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारी, कैट के पदाधिकारी, दाल बाजार व्यापार समिति के गोकुल बंसल, मनीष बांदिल, श्याम बंसल अप्पा, वेदप्रकाश गोयल, योगेश गोयल, सुनील गर्ग बबलू, दिलीप पंजवानी, नंदलाल जैसवानी, बंटी गोयल, दीपक बंसल, अश्विनी कुमार सोमानी, विवेक जैन सहित लोहिया बाजार से संजय कट्ठल, निर्मल जैन, नया बाजार ऐसोसिएशन से विजय जाजू, नजरबाग मार्केट ऐसोसिएशन से सुरेश बंसल, ग्वालियर औद्योगिक क्षेत्र से जगदीश मित्तल आदि मौजूद रहे।