दिल्ली की सीमापुरी में मिला IED

पुरानी सीमापुरी इलाके के एक घर में गुरूवार की दोपहर आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) यानी बम मिलने से हड़कम्प मच गया है। 14 जनवरी को गाजीपुर फूल मण्डी में मिले IED की जांच करते दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल की टीम 4 संदग्धि युवकों की तलाश करते हुए पुरानी सीमापुरी स्थिति सुनावार वाली गली के एक मकान में पहुंची थी। घर से युवक गायब मिले, लेकिन घर की तलाशी लेने पर बैग में संदिग्ध सामान मिला।

आनन‘-फानन मे बम निरोधक दस्ता व दमकल को घटनास्थल पर बुलाया गया। बम की पुष्टि होने पर नेशनल सिक्यूरिटी गार्ड (NSG) की टीम भी पहुंची। स्थानीय पुलिस ने इलाके को खाली करवाकर बैरिकेड से सील कर दिया और शाम के समय NSG की टीम ने रोबोट की मदद IED को एक डिफ्यूजिंग मशीन में रखा।

क्या है मामला

इसके बाद पास के दिलशाद गार्डन के जेएंडके पाकेट के पार्क में 12 फीट गड्ढा खोदकर उसमें IED को डाला गया। इसके बाद इसमें धमाका हुआ। इस तरह से उसे निष्क्रिय किया गया। पुलिस मकान के मालिक हाशिम को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने बताया कि 14 जनवरी को गाजीपुर फूल मंडी में IED मिला था, स्पेशल सेल इसकी जांच कर रही है। सेल को सूचना मिली थी कि आइइडी रखने में शामिल 4 संदिग्ध पुरानी सीमापुरी में छिपे हैं। सेल की एक टीम बृहस्पतिवार दोपहर 1-45 बजे सुनार वाली गली मकान नंबर.49 पर पहुंची। 22 गज में बने 3 मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर टीम पहुंची। लेकिन वहां ताला लगा हुआ था। टीम दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे के अंदर काले रंग के बैग में काफी संदिग्ध सामान रखा हुआ था। जांच करने पर बैग में IED मिला।