ग्वालियर में अधिकारी-कर्मचारी फर्जी एप से लगा रहे थे हाजिरी, अब सीसीटीवी कैमरे के सामने खड़ा होना अनिवार्य
बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों के फर्जी एप से हाजिरी लगाने का मामला सामने आया है। सुबह 9 बजे से शुरू होने वाली अलग-अलग प्रकार के अधिकारी-कर्मचारियों की शिफ्ट को पूरा दिखाने कई अधिकारी-कर्मचारी घर से ही फर्जी एप से हाजिरी लगा रहे थे और समय पर ड्यूटी पर हाजिर नहीं हो रहे थे। नॉर्थ डिवीजन के उप महाप्रबंधक पीके हजेला की जानकारी में यह मामला सामने आया तो 4 कर्मचारियों के खिलाफ वेतन काटने की कार्रवाई की गई।
महाप्रबंधक विनोद कटारे ने इस मामले में सभी 20 जोन के एई-जेई को पत्र जारी कर निर्देश दिए कि अब अधिकारी-कर्मचारियों की हाजिरी कार्यालय में मौजूद सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में लगाई जाएगी। निर्देश के मुताबिक अब जो भी अधिकारी वेतन बनाते हैं, वे पहले सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग में संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी को सुनिश्चित कर वेतन बनाने का काम करेंगे।