साहब सिंह गुर्जर ने कमलनाथ व दिग्विजय सिंह को इस्तीफा भेजा, नेताओं द्वारा गलत हुकूमत चलाने का आरोप लगाया
शहर में 5 फरवरी को पूर्व मुख्यमंत्री सहित 5 मंत्रियों की मौजूदगी शहर में शक्ति प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस के दो दिन में दो पदाधिकारियों के इस्तीफे हो गए। दोनों ने ही ऊपर से थोपे गए नेताओं द्वारा गलत हुकूमत चलाने का आरोप लगाया है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष रूचि गुप्ता के इस्तीफे के बाद मंगलवार की रात महासचिव साहब सिंह गुर्जर ने भी इस्तीफा कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को भेज दिया है। साहब सिंह के इस्तीफे की पूरी भाषा व शब्द रूचि गुप्ता के पत्र के समान ही है। रूचि ने रश्मि पवार पर आरोप लगाए थे लेकिन साहब सिंह ने नाम लेकर आरोप की पुष्टि की है।
अपनी पीड़ा से अवगत कराते हुए इस्तीफा
इधर सहालग व नेताओं के यहां शादी कार्यक्रमों के चलते कांग्रेस द्वारा 1 से 28 फरवरी तक बूथ, मंडलम व ब्लॉक स्तर पर घर-घर पहुंचने का कार्यक्रम रूक गया है। कांग्रेस के महासचिव साहब सिंह गुर्जर ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व को अपनी पीड़ा से अवगत कराते हुए इस्तीफा दिया है। ऊपर से थोपे गए पदाधिकारी कौन है और यह क्या कर रहे है यह भी बताया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने कहा कि ब्लॉक व मंडलम स्तर पर घर-घर जाने के कार्यक्रम चलाए जा रहे है। शादी में व्यस्त होने से जानकारी नहीं ली है, कल मैं जानकारी लेता हूं।