ग्वालियर में मैरिज फंक्शन में 3 लाख के गहनों से भरा पर्स चोरी, टेबल पर रखा पर्स उठा ले गया चोर
ग्वालियर. शादी में मेहमान बनकर आने वाले नाबालिग चोर फिर सक्रिय हो गए हैं। एक बार फिर चोर पुरानी छावनी स्थित राजमोहन पैलेस में रिटायर्ड क्लर्क की पत्नी का गहनों से भरा पर्स चोरी कर चंपत हो गया। पर्स में 3 लाख रुपए के सोने के गहने थे। कुछ मिनट बाद उन्हें पर्स का ध्यान आया तो वह चोरी हो चुका था। सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो एक नाबालिग चोर पर्स चोरी करता हुआ नजर आ गया। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक चोरी की वारदात माधोगंज निवासी मंजू गर्ग पत्नी राजकुमार गर्ग के साथ हुई। राजकुमार PWD में क्लर्क से रिटायर हैं। मंजू ने बताया कि उनकी भतीजी की शादी शनिवार को पुरानी छावनी स्थित राजमोहन पैलेसे से थी। वह भी अपने परिवार के साथ शादी में शरीक होने गई थी। उनके हाथ में एक पर्स था। इसमें उनके जेवर और कुछ रिश्तेदारों के गहने भी थे। मेहमानों जाने का समय आया तो वह गिफ्ट देने लगीं। पर्स उन्होंने अपने पास टेबल पर रख दिया। इसी दौरान चोर आया और उनका पर्स चोरी कर भाग गया।
मोबाइल दो किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिला
पर्स में महिला का कीमती एप्पल का मोबाइल भी था। उन्होंने जब उस मोबाइल नंबर को लगाया तो उसमे घंटी जाती रही। उनके बेटे ने उसे सर्च किया तो उसकी लोकेशन पता चली। इसके बाद वह करीब दो किलोमीटर दूर आनंदपुर ट्रस्ट के आई हॉस्पीटल पर पहुंचे तो झाड़ियों में मोबाइल पड़ा मिल गया।