ग्वालियर प्रशासन अलर्ट, पूर्व सीएम कमलनाथ शाम को आएंगे, देंगे धरना

हजीरा मंडी मुद्दे को लेकर प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ शनिवार की शाम को 5.30 बजे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सिंह यादव व प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया के साथ ग्वालियर आ रहे हैं। हजीरा पर कांग्रेसियों के साथ धरना भी देंगे। जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। खुफिया एजेंसी भी एक्टिव हो गई हैं। दूसरी तरफ प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरुवार की रात को इंटक मैदान में नवीन सब्जी मंडी में 30 घंटे गुजारकर सब्जी विक्रेताओं को मनाने का प्रयास कर चुके हैं। काम धंधे के लिए ऋण दिलाने के लिए शिविर भी लगाया गया।

ग्वालियर में कांगेस एकजुट हुई

हजीरा सब्जी मंडी मुद्दे की आगुवाई प्रदेश कांग्रेस महामंत्री सुनील शर्मा कर रहे थे। पुतला दहन के दौरान इंदरगंज थाने में पदस्थ एसआइ दीपक गौतम के झुलसने के मामले में छात्र नेता शिवराज यादव,आकाश तोमर, विश्वजीत भदौरिया, घनश्याम गुड़सेले अभिमन्यु पुरोहित को हत्या के प्रयास के मामले में जेल भेजने व सुनील शर्मा के क्रशर के खिलाफ हुई कार्रवाई से कांग्रेसी एकजुट हो गए हैं। विधायक सतीश सिकरवार, प्रवीण पाठक व सुरेश राजे भी मैदान में आ गए हैं। कांग्रेस के टारगेट पर ऊर्जा मंत्री हैं।