कांग्रेस का आज पर हजीरा सब्जी मंडी में धरना, कमलनाथ सब्जी कारोबारियों से मुलाकात करेंगे
हजीरा सब्जी मंडी की शिफ्टिंग को लेकर शहर में कांग्रेस व भाजपा के बीच राजनीतिक घमासान जारी है। कांग्रेस पुरानी सब्जी मंडी को ही चालू रखने की मांग पर अड़े हैं। वे पिछले कई दिनों से व्यापारियों के साथ विरोध भी दर्ज करा रहे हैं। शनिवार को कांग्रेसी धरने पर बैठेंगे। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व्यापारियों से मुलाकात करेंगे। वे धरने में भी शामिल हो सकते हैं। उधर नई मंडी में व्यापार करने के लिए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह 30 घंटे वहां रहे और उन्होंने व्यापारियों से इंटक स्थित नई मंडी में रहने की अपील की।
पुरानी सब्जी मंडी से कारोबारियों को बेदखल कर तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस शनिवार को हजीरा में धरना देगी। उनके समर्थन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सीएम कमलनाथ ग्वालियर आ रहे हैं। वे व्यापारियों से मुलाकात करेंगे। तथा धरने में भी शामिल हो सकते हैं। उनके साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव एवं युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया भी आएंगे। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारियों के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होंगे और कांग्रेसी नेता भगवान सिंह का स्वास्थ्य देखने उनके घर भी जाएंगे। पूर्व सीएम कमलनाथ की आने की सूचना के बाद कांग्रेस एकजुट होकर तैयारी में लग गई। सभी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को शनिवार को होने वाले धरने में शामिल होने के एसएमएस भेजे जा रहे हैं।