Punjab Elections: सुनील जाखड़ का बड़ा दावा, चन्नी नहीं, मैं था कांग्रेसी विधायकों की पहली पसंद, लेकिन...

चंडीगढ़. पंजाब कांग्रेस (Punjab Congress) के पूर्व अध्‍यक्ष सुनील जाखड़ ने दावा करते हुए कहा कि पिछले साल सितंबर में कैप्‍टन अमरिंदर सिंह के मुख्‍यमंत्री पद छोड़ने के बाद, विधायकों की पहली पसंद मैं था. इन दिनों कांग्रेस में आगामी पंजाब चुनाव के लिए मुख्‍यमंत्री पद के उम्‍मीवार की घोषणा के लिए तैयारियां चल रही हैं. जाखड़ ने कहा कि कम से कम 42 विधायकों ने मुझे वोट दिया था, डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा को 16, सांसद परनीत कौर के लिए 12, नवजोत सिंह सिद्धू के लिए 6 और सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के लिए के लिए केवल 2 वोट मिले थे.

स्क्रीनिंग कमेटी के प्रमुख सुनील जाखड़ ने मंगलवार को अभोहर में अपने भतीजे संदीप के लिए एक प्रचार बैठक में यह दावा किया. उन्‍होंने कहा कि मैं विधायकों की पहली पसंद था. मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी की नियुक्ति के बाद जाखड़ न तो दिल्‍ली में आलाकमान के और न ही स्‍थानीय स्‍तर पर लिए गए निर्णयों से खुश थे. जाखड़ न केवल पूर्व मुख्यमंत्री, बल्कि वर्तमान सरकार पर भी अपने ट्वीट्स के माध्यम से कटाक्ष करते रहे हैं. चन्नी की नियुक्ति के बाद जाखड़, ने यह स्पष्ट रूप से स्पष्ट कर दिया था कि वह स्थानीय स्तर पर पार्टी आलाकमान के फैसलों से खुश नहीं हैं.

हालांकि, वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि पंजाब की जनसंख्‍या को देखते हुए, पसंदीदा विकल्प जाट सिख था. पंजाब कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि चन्नी को आलाकमान ने सिर्फ इसलिए चुना था क्योंकि पार्टी दलित कार्ड खेलना चाहती थी. उस समय, उन्हें सबसे सुरक्षित विकल्प के रूप में देखा जाता था.