Market Update: बजट के पहले बाजार ने दिखाया दम, सेंसेक्स 800 अंकों की बढ़त के साथ बंद

Market Update: बजट से पहले आज सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने जोरदार बढ़त दर्ज की है. सप्ताह के पहले दिन सेंसेक्स और निफ्टी मजबूती के साथ बंद हुए. सेंसेक्स 813.94 अंकों की बढ़त के साथ 58014.17 पर बंद हुआ. वहीं , निफ्टी 237 अंकों की तेजी के साथ 17,339.85 पर क्लोज हुआ. निफ्टी बैंक में 285.94 अंकों की तेजी देखने को मिली.

पिछले कई दिनों से बिकवाली झेल रहे बाजार में आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन जोरदार खरीदारी देखने को मिली. सेंसेक्स 500 अंकों से ज्यादा की तेजी के साथ ओपन हुआ. पूरे दिन निफ्टी 50 के 45 से ज्यादा शेयरों में तेजी देखने को मिली. पिछले 10 सालो में बजट से पहले इस बार सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली है. बजट से पहले विदेशी निवेशकों की बिकवाली से बाजार में गिरावट देखने को मिल रही थी. लेकिन बजट से ठीक एक दिन पहले बाजार में बुल्स ने वापसी की है.

Economic Survey 2022

इकोनॉमी सर्वे 2021-22 में कहा गया है कि वर्तमान वित्त वर्ष के पहले 8 महीने में कंपनियों द्वारा आईपीओ के जरिए जुटाई गई पूंजी की मात्रा इस दशक के शिखर पर पहुंच गई है. 31 जनवरी यानी आज जारी हुए बजट पूर्व इकोनॉमिक सर्वे में कहा गया है कि अप्रैल से नवंबर की अवधि में 75 कंपनियों ने आईपीओ के जरिए प्राइमरी मार्केट से 89,066 करोड़ रुपये जुटाए है जबकि 2020 की इस अवधि में आईपीओ के जरिए 14,733 करोड़ रुपये जुटाए गए थे.

इकोनॉमिक सर्वे में यह भी कहा गया है कि इस अवधि में आईपीओ के जरिए जुटाई गई पूंजी पिछले दशक के किसी भी एक वर्ष में जुटाई गई पूंजी से ज्यादा रही है. इस सर्वे में सेबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा गया है कि 2021 में आए 8 आईपीओ 100 गुने से ज्यादा भरे जबकि 11 आईपीओ 50 से 100 गुना तक भरे.

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक टेलिशॉपिंग और ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म चलाने वाली Naaptol Online Shopping Pvt. Ltd आईपीओ के जरिए 1000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है.

Naaptol की स्थापना 2008 में हुई थी. यह टीवी का पहला ऐसा प्लेटफॉर्म था जिसपर प्रोडक्ट डिस्कवरी की जा सकती थी. नापतोल हिंदी, तमिल, तेलगु और कन्नड़ जैसी कई भाषाओं में टीवी चैनल के जरिए प्रोडक्ट बेचती है. मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया है कि कंपनी इस आईपीओ के ड्राफ्ट प्रोसपेटक्स पर पहले से ही काम कर रही थी.