आज पेश होगा आर्थिक सर्वेक्षण, कल आएगा आम बजट
नई दिल्ली. संसद का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण 2022-23 पेश किया जाएगा। इससे देश की आर्थिक सेहत का अंदाजा लगेगा। इसके बाद 1 फरवरी को आम बजट (Budge 2022) पेश किया जाएगा। मानसून सत्र की तरह ही इस सत्र से पहले भी इजरायली स्पाईवेयर पेगासस का जिन्न फिर बाहर आ गया है। पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, इसलिए किसानों का मुद्दा भी गरमाया हुआ है। लिहाजा बजट सत्र में भी मानसून सत्र की तरह पेगासस से जासूसी, किसानों की समस्या और पूर्वी लद्दाख में चीनी घुसपैठ का मुद्दा छाए रहने की संभावना है।
मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस घोषणा कर चुकी है कि वह उपरोक्त मुद्दों के अलावा कोरोना पीड़ित परिवारों को राहत और एयर इंडिया की बिक्री जैसे मुद्दों को उठाने के लिए समान विचारधारा वाली पार्टियों से तालमेल करेगी। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को स्पीकर ओम बिरला को लिखे पत्र में केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू करने मांग करके अपने इरादों के संकेत दे भी दिए। इसमें उन्होंने कहा कि सरकार ने सदन में हमेशा कहा कि उसका पेगासस से कोई लेना-देना नहीं है और उसने कभी भी एनएसओ ग्रुप से स्पाईवेयर नहीं खरीदा। न्यूयार्क टाइम्स की ताजा रिपोर्ट से पता चलता है कि मोदी सरकार ने संसद और सुप्रीम कोर्ट को गुमराह किया और देश के लोगों से झूठ बोला।