ग्वालियर में सराफा कारोबारी से 25 लाख की लूट में तीन संदेहियों से पूछताछ
ग्वालियर. किलागेट के सराफा कारोबारी के साथ हुई लूट करने वाले बदमाशों का वारदात के छठवें दिन भी पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस ने 25 लाख रुपये के गहने लूटने के संदेह में तीन संदेहियों को उठाया है। तीनों संदेहियों से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूछताछ की जा रही है।लूट के मामले में क्राइम ब्रांच की चार टीमों के अलावा आधा दर्जन टीमें पतारसी कर रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि संदेहियों से लुटेरों का क्लू मिल सकता है।
अलग-अलग टीमें अलग-अलग एंगलों पर जांच कर रही है
नये साल की पहली सबसे बड़ी लूट में एसएसपी अमित सांघी ने छह के लगभग टीमों को पतारसी के लिए लगाया है। एक टीम सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। दूसरी टीम बाजार में पड़ताल कर इस बात का पता लगा रही है कि कोई बाजार का व्यक्ति तो लूट में शामिल नहीं है। एक टीम दुकान में आने वाले लोगों की सूची बना रही है। साथ ही दुकान में काम करने वाले नौकरों की भी जन्मकुंडली पुलिस खंगाल चुकी है, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है।