भाजपा ने जारी की यूपी के 91 उम्मीदवारों की लिस्ट, अयोध्या से वेद प्रकाश गुप्ता को दिया टिकट
लखनऊ. भाजपा ने उत्तर प्रदेश की 91 और विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। इस लिस्ट में इलाहाबाद और अयोध्या जैसी प्रमुख सीटों के प्रत्याशियों के नाम हैं। अयोध्या से वेद प्रकाश गुप्ता को टिकट दिया गया है। यह सीट इस बार इसलिए बहुत अहम है क्योंकि राम मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है। पहले कहा गया था कि भाजपा यहां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी चुनाव मैदान में उतार सकती है। हालांकि बाद में योगी को गोरखपुर सदर से टिकट दिया गया। बहरहाल, 91 नामों की लिस्ट में इलाहाबाद पश्चिम से सिद्धार्थनाथ सिंह और इलाहाबाद दक्षिण से नंदकुमार गुप्ता नंदी को मैदान में उतारा गया है।
भाजपा ने आजमगढ़ में छह सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए। गोपालपुर से सत्येंद्र राय, आजमगढ़ से अखिलेश मिश्र, निजामाबाद से मनोज यादव, दीदारगंज से कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, लालगंज से नीलम सोनकर, मेंहनगर से मंजू सरोज। अखिलेश मिश्र गुड्डू, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा दो पुराने चेहरे हैं। जबकि 2017 में मेंहनगर से भाजपा एवं सुभासपा गठबंधन में सुभासपा की प्रत्याशी रहीं मंजू सरोज अबकी भाजपा का चेहरा बनी हैं। खास बात यह है कि भाजपा ने अपनी इकलौती सीट फूलपुर-पवई से उम्मीदवार किसी को नहीं बनाया है। यहीं से सपा ने एक दिन पूर्व भाजपा के सीटिंग एमएलए अरुणकांत के पिता रमाकांत यादव को टिकट दिया है। नीलम सोनकर पहली बार विधायकी लड़ेंगी, इससे पूर्व वह लालगंज सुरक्षित सीट से 2014 में भाजपा से सांसद चुनी गईं थीं। ये वर्तमान में भाजपा संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाले हुईं हैं।