राम जन्मभूमि अभियान में हमने गोलियां खाईं, आप कहां थे; 'हिंदुत्व' को लेकर भाजपा का शिवसेना पर पलटवार
मुंबई. अपने पूर्व सहयोगी उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के उस बयान से आहत होकर भाजपा ने सोमवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख पर पलटवार किया जिसमें उन्होंने कहा था कि बीजेपी राजनीतिक सुविधा के लिए हिंदुत्व (Hindutva) का इस्तेमाल करती है. भाजपा नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कहा, “शिवसेना के पास चुनिंदा यादें हैं. शिवसेना का जन्म उस वक्त हुआ भी नहीं था जब मुंबई नगर निकाय में भाजपा के सदस्य थे. 1984 के चुनाव में, शिवसेना की पार्टी के उम्मीदवार ने भाजपा (BJP) के टिकट पर चुनाव लड़ा था.”
रविवार को शिवसेना (Shiv Sena) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, उद्धव ठाकरे ने कहा था कि सहयोगी के रूप में भाजपा के साथ बिताए शिवसेना के 25 साल ‘बेकार’ थे. उन्होंने कहा, “शिवसेना ने भाजपा के साथ गठबंधन किया था क्योंकि वह हिंदुत्व के लिए सत्ता चाहती थी. शिवसेना ने कभी भी सत्ता के लिए हिंदुत्व का इस्तेमाल नहीं किया.” ठाकरे ने कहा, “शिवसेना ने बीजेपी को छोड़ा है, हिंदुत्व को नहीं. मेरा मानना है कि बीजेपी का अवसरवादी हिंदुत्व केवल सत्ता के लिए है.”
‘राम जन्मभूमि अभियान में हमने गोलियां और लाठियां खायीं’
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुख्यमंत्री की टिप्पणियों से पता चलता है कि वह हाल ही में संपन्न नगर पंचायत या स्थानीय निकाय चुनावों में अपनी पार्टी के चौथे स्थान पर रहने से निराश हैं और इसका गुस्सा भाजपा पर उतार रहे हैं. फडणवीस ने आगे कहा, “राम जन्मभूमि (Ram Janmabhoomi) अभियान में आप कहां थे? हमने गोलियां और लाठियां खायीं. आज पीएम मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर (Ram Temple) बन रहा है.”
उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर लगाया ये आरोप
एक दिन पहले रविवार को पार्टी के संस्थापक और अपने पिता बाल ठाकरे की 96वीं जयंती पर शिवसैनिकों को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस और राकांपा के साथ हाथ मिलाने को सही ठहराते हुए कहा था, “हमने भाजपा को उसकी राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए दिल खोलकर साथ दिया. हमारे बीच समझ यह थी कि वह राष्ट्रीय स्तर पर जाएगी और हम महाराष्ट्र में आगे रहेंगे. लेकिन हमारे साथ धोखा किया गया और हमें हमारे ही घर में मिटाने की कोशिश की गयी. इसलिए हमने पलटवार किया.”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी सुविधा के हिसाब से अपने सहयोगियों का इस्तेमाल करती है और फिर उन्हें किनारे लगा देती है.