ग्वालियर से भिंड जा रही बस-कंटेनर से भिड़ी, ड्राइवर की मौके पर मौत
ग्वालियर से यात्री बैठाकर भिंड की ओर आ रही बस कोहरा ज्यादा होने से रांग साइड में सामने से आ रहे खाली कंटेनर से भिड़ गई। इससे कंटेनर ड्राइवर की सीट पर ही फंसे-फंसे मौत हो गई। बस ड्राइवर, कंडक्टर सहित 7 लोग घायल हैं। हादसा शुक्रवार सुबह सवा आठ के बजे के करीब नेशनल हाइवे 719 पर गोहद थाना क्षेत्र में बूटी कुईया के पास हुआ है। इनमें बस ड्राइवर सहित तीन लोगों को गंभीर हालत होने पर इलाज के लिए ग्वालियर जेएएच के लिए रेफर किया गया है। हादसे के बाद हाइवे पर जाम के हालात बने। गोहद चौराहा पुलिस ने राहत कार्य शुरू कर यातायात बहाल कराया।
क्या है पूरा मामला
सुबह ग्वालियर से बस क्रमांक एमपी 30 पी 2171 यात्री बैठाकर भिंड की ओर रवाना हुई थी। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में बूटी कुईया के पास सवा आठ बजे के करीब कोहरा ज्यादा होने से बस चालक को भिंड की ओर से आ रहा खाली कंटेनर क्रमांक एमएच 20 डीइ 6568 नजर नहीं आया। बस सामने से रांग साइड जाकर कंटेनर से जा भिड़ी। भिड़ंत इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कंटेनर का ड्राइवर साइड का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इससे कन्नौज उत्तरप्रदेश निवासी कंटेनर ड्राइवर मनोज कुमार सीट पर ही फंसा रह गया। सीट पर फंसने से मौके पर ही मनोज की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर गोहद चौराहा थाना टीआइ ओपी मिश्रा मय बल के मौके पर पहुंचे। बस ड्राइवर की हालत भी गंभीर थी। उसे तत्काल ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया गया।