पुलिसकर्मी ने ट्रक चालक की जान बचाई, कोहरा में नहीं दिखाई दी रेलिंग, पुलिया से ट्रक के टकराते ही लगी आग
ग्वालियर. सड़क दुर्घटना में पुलिस ने चालक की जान बचाई है। घने कोहरा की वजह से सुबह-सुबह एक ट्रक चालक रेलिंग तोड़ते हुए रॉंग साइड पुलिस से जा टकराया। पुलिया से टकराते ही ट्रक में आग लग गयी। अन्दर केबिन में चालक बेहोश हो गया। घटना की खबर मिलते ही हाइवे पेट्रोलिंग पर निकली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस कर्मियों ने ट्रक का कांच तोड़कर चालक को केबिन से बाहर निकालकर उसे अस्पताल पहुंचाया। वक्त रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो चालक जिन्दा भी जल सकता था। घटना शुक्रवार की सुबह 6 बजे जौरासी के पास बिलौआ की है। पुलिस ने फिलहाल हादसे की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला
धौलपुर निवासी छविराम निषाद पुत्र शिवचरन निषाद ड्राइवर है। शुक्रवार की सुबह वह डबरा से ग्वालियर की तरफ आ रहा था। सुबह घना कोहरा था 50 मीटर आगे तक का नजर नहीं आ रहा था। अभी वह झांसी.ग्वालियर हाइवे पर बिलौआ स्थित खच्चू बाबा की दरगाह के पास पहुंचा था कि कोहरा होने के कारण वह रेलिंग से टकरा गया और रॉन्ग साइड जा पहुंचा। सामने से आ रहे वाहन से बचने के लिए जैसे ही उसने स्टेयरिंग मोड़ी ट्रक पुलिया से टकरा गया और क्षतिग्रस्त हो गया।
आग लगने से जाम हुआ दरवाजा
पुलिया से टकराने की वजह से ट्रक में आग लग गयी और दुर्घटना में चालक छविराम घायल हो गया और बेहोशी की हालत में था। वहीं ट्रक का दरवाजा भी जाम हो गया और वह ट्रक में फंसकर रह गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही वहां से निकल रहे लोगों ने पुलिस को खबर की। पुलिस सूचना मिलते ही एएसआई जेबी सिंह बैस व आरक्षक रामअवतार घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रक का कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला। उसकी हालत खराब देखकर तुरंत ही उसे एफआरवी की मदद से उपचार के लिये भिजवाया जहां पर उसे उपचार मिलने से उसकी हालत में सुधार है। यदि पुलिस जरा भी देर करती तो ट्रक चालक की जान खतरे में पड़ सकती थी।