UP Weather Updates: यूपी में लखनऊ समेत कई जिलों में रिमझिम बारिश से बदला मौसम, बढ़ी ठंड
लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) समेत कई जिलों में गुरुवार की सुबह से हो रही रिमझिम बारिश (Rainfall) ने मौसम का मिजाज बदल दिया. इससे पारा सामान्य से काफी नीचे आ गया. दिन निकलने के साथ ही रिमझिम बरसात शुरू हो गई. सूरज के नहीं दिखने और रिमझिम बरसात से मौसम में ठंडक हो गई. ठंडी हवाओं ने भी सर्दी का लोगों को अहसास कराया, जिससे खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों का हाल मुहाल है. वहीं सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है. मंदिरों में भी अन्य दिनों की भांति भक्तों की भीड़ काफी कम दिखाई दे रही है.
पूरे पश्चिमी यूपी में मौसम बदल गया है. इससे पहले मौसम विभाग (Weather Department) ने बारिश की संभावना जताई थी. ब्रज क्षेत्र के मथुरा में बारिश की संभावना है. इसका दायरा धीरे-धीरे बढ़ता जायेगा. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बाराबंकी, हरदोई, कन्नौज, मैनपुरी, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, आगरा, इटावा, अलीगढ़, बुलंदशहर, नोएडा और हापुड़, प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी, बस्ती, गोंडा, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, उन्नाव, लखनऊ, कानपुर, फतेहपुर और कौशांबी. यानी लखनऊ में 48 घण्टे तक रूक-रूककर बारिश हो रही है. 9 जनवरी से पूरे प्रदेश से बारिश की विदाई हो जायेगी.
तापमान में आई गिरावट
कोहरे और बादलों की वजह से ठंड का एहसास भले ही बढ़ गया है लेकिन बीती रात के आंकड़े बता रहे हैं कि ठंड पहले से कम हुई है. बीती रात ज्यादातर शहरों में रात का न्यूनतम तापमान बढ़ा हुआ दर्ज किया गया है. लखनऊ में 11.6 डिग्री सेल्सियस, मेरठ – 8.9 डिग्री सेल्सियस, बांदा – 11.8 डिग्री सेल्सियस, रायबरेली – 9.8 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर – 11.4 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी – 10 डिग्री सेल्सियस, आगरा – 11.7 डिग्री सेल्सियस और प्रयागराज में 10 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. ये जरूर है कि अब धूप के कम या न निकलने से तापमान में तेजी से गिरावट आई है.