मुरार के सदर बाजार से हटाया अतिक्रमण
ग्वालियर. नगर निगम और पुलिस प्रशासन संयुक्त कार्रवाई कर मुरार अग्रसेन चौराहे, सदर बाजार, गरम सड़क, बारादरी, थाटीपुर आदि स्थानों से ठेलेवालों को हटाकर हाकर्स जोन में शिफ्ट कराया। मदाखलत के अमले ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए चिन्हित किया जहां पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुरार में सदर बाजार व अग्रसेन चौराहे को व्यवस्थित करने का टारगेट
नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी के निर्देश पर मदाखलत अमला एवं पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से ठेलों को सड़कों से हटाकर हाकर्स जोन में भेजने की कार्रवाई कर रहे है। पहली कार्रवाई शिंदे की छावनी पर की गई जिससे वहां पर यातायात सुचारू रूप से चलने लगा। नगर निगम ने अब मुरार में सदर बाजार व अग्रसेन चौराहे को व्यवस्थित करने का टारगेट तय किया है। मदाखलत अमले ने पहले माइक से ठेलेवालों को चेतावनी दी इसके बाद पुलिस बल के साथ मदाखलत अमले ने फल एवं सब्जी के ठेलेवालों को कार्रवाई कर हाकर्स जोन में शिफ्ट कराना प्रारंभ किया, फिलहाल अग्रसेन चौराहे से ठेलेवालों को हाकर्स जोन में भेजा गया है।