जम्मू में वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत 15 घायल

जम्मू. साल 2022 की शुरूआत में आज सुबह बड़ा हादसा हो गया। माता वैष्णों देवी मंदिर में नए साल पर दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई इस दौरान अब तक 12 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा 15 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। सभी का इलाज कटरा और ककरयाल नारायण हॉस्पिटल में चल रहा है। इस हादसे के बाद माता वैष्णो देवी की यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है। वहीं बचाव कार्य चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में मारे गए भक्तों के लिए दुख जताया है साथ ही घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की है।

बचाव कार्य जारी

बता दें कि बड़ी संख्या में भक्त माता वैष्णों की यात्रा करने के लिए यहां पहुंच थे। इस दौरान मची भगदड़ में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सबसे पहले 7 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। इसके बाद धीरे-धीरे यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। अबतक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। बचावकार्य जारी है। अभी तक प्रशासन की तरफ से कोई बयान नहीं आया है।

नए साल के मौके पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं

बता दें कि माता वैष्णो देवी के मंदिर में नए साल के मौके पर प्रत्येक वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भारी संख्या में पहुंचने वाले भक्तों की सुविधा का प्रत्येक वर्ष विशेष ख्याल रखा जाता है, लेकिन शनिवार सुबह हुई इस भगदड़ के बारे में अभी साफ तौर पर कुछ जानकारी नहीं आई है। फिलहला यही कहा जा रहा है कि भारी भीड़ के चलते वैष्णो परिसर में भगदड़ मच गई।