ग्वालियर में बच्चों में फैला CORONA, 4 नए पॉजिटिव में 3 बच्चे

ग्वालियर. शहर में एक साथ CORONA के 4 नए संक्रमित मिले है और इनमें से 3 बच्चे है, उनकी उम्र 11 से 17 साल के बीच है। पॉजिटिव आए दो बच्चे भाई है जिनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। एक बच्चा परिवार के साथ मुंबई से लौटा है और चौथा संक्रमित 19 साल का स्टूडेंट है। वह कराटे टूर्नामेंट खेलकर दिल्ली से लौटा है। इन चार केस के बाद अब एक्टिव केस बढ़कर 6 हो गए है। बुधवार की रात को स्वास्थ्य विभाग से जारी बुलेटिन में 3458 सैंपल की जांच रिपोर्ट में से 4 नए संक्रमित मिले है।

दो सगे भाई CORONA पॉजिटिव

जनकगंज में रहने वाले दो सगे भाई पॉजिटिव आए हैं। 14 साल का भाई 8वीं, तो 17 साल का भाई 12वीं का स्टूडेंट है। चार दिन से दोनों को सर्दी, खांसी और जुकाम था। लगातार छींक आ रही थी। 28 दिसंबर को टेस्ट कराया। बुधवार रात को दोनों की रिपोर्ट आने पर कोरोना की पुष्टि हुई है।

मुंबई से लौटा 11 साल का बच्चा संक्रमित

शहर की पॉश टाउनशिप विंडसर हिल्स निवासी 11 साल के बच्चे के पिता बिजनेसमैन हैं। वह अपने मां-पिता के साथ मुंबई घूमने गया था। परिवार 27 दिसंबर को लौटा। बेटे को छींक आने पर जांच कराई थी।

दोनों डोज लगवा चुका कराटे प्लेयर निकला संक्रमित

शहर के पॉश कॉलोनी हरिशंकरपुरम निवासी 19 वर्षीय छात्र कराटे प्लेयर है। वह दिल्ली टूर्नामेंट में खेलने गया था। 23 दिसंबर को लौटकर आया। हल्की सर्दी, खांसी-जुकाम हुआ था। 27 दिसंबर को जांच कराई थी। बुधवार की रात रिपोर्ट पॉजिटिव आई। छात्र वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुका है।