साइंस कॉलेज के गेट पर फायरिंग, गोली चलाकर भागे हमलावर, एक स्टूडेंट घायल
ग्वालियर. पुरानी रंजिश को लेकर एमएलबी कॉलेज के कुछ छात्रों ने साइंस कॉलेज के छात्र के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं हमलावर छात्र कट्टे से फायरिंग कर भाग निकले। हमले में छात्र को चोट भी आई है। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल भेजकर हमलावर छात्रों पर मामला दर्ज किया। विवाद साइंस कॉलेज के गेट पर हुआ है।
क्या है पूरा मामला
झांसी रोड थाना पुलिस के मुताबिक साइंस कॉलेज के बीएससी तृतीय वर्ष के छात्रा शिवजी परमार निवासी आमखो के साथ मारपीट हुई है। शिवजी का एमएलबी कॉलेज के छात्र शिवाजी तोमर निवासी डीडी नगर से कुछ दिन पहले झगड़ा हुआ था। हालांकि बाद में राजीनामा भी हो गया था, लेकिन शिवाजी तोमर उस टशन को रखे हुए था। मंगलवार को साइंस कॉलेज कैंपस में बने हनुमान मंदिर पर सुदंरकांड का पाठ चल रहा था। शिवजी ने अपने दोस्त को भी वहां बुलाया। दोस्त आया तो उसे लेने कॉलेज के गेट पर पहुंचा। जहां शिवाजी तोमर अपने साथी सुमित के साथ पहले से मौजूद था। शिवजी को देखा तो उस पर हमला कर डंडे से मारपीट की। मारपीट देख शिवजी के समर्थन में और भी छात्र आए तो शिवाजी तोमर ने कट्टे से फायर किया और भाग निकला।