चंदौली में दिखा 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' सा नजारा, घर में घुसकर चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां

चंदौली. शुक्रवार को जिले के मुख्यालय स्थित चंदौली कोट गोलियों की आवाज से गूंज उठा. पुरानी रंजिश को लेकर यहां ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं. चंदौली कोट के आसपास रहनेवाले लोग यह नजारा देखकर दहशत में आ गए. पीड़ित पक्ष की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को थाने ले आई. फिलहाल पीड़ित पक्ष की तहरीर पर 6 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है. वहीं इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वायरल वीडियो में साफतौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह बाइक से आए 2 युवक ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे हैं.

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, चंदौली कोट में रहनेवाले नामवर सिंह अपने छोटे भाई केदारनाथ सिंह के साथ घर पर बातचीत कर रहे थे, तभी दोपहर बाद 3:30 बजे के करीब तुंगनाथ सिंह अपने लड़कों के साथ उनके घर में घुस आए और लाठी-डंडे से हमला कर दिया. इसी बीच उनके बेटे अखिलेश सिंह और ज्ञानेंद्र सिंह ने टांगी से उन पर प्रहार कर दिया. तभी वहां मौजूद दो युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी. यह देख दोनों भाइयों ने किसी तरह घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाई.

बताया जा रहा है कि करीब 10 से 15 राउंड फायर किया गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया है. इस दौरान यहां की सड़कों पर मौजूद लोगों ने घरों के दुबककर अपनी जान बचाई. अचानक हुई वारदात से दहशतजदा नामवर सिंह और केदारनाथ सिंह ने पुलिस को फोन किया. कुछ समय बाद मौके पर पहुंची पुलिस घायल नामवर सिंह और केदारनाथ सिंह को अपनी सुरक्षा में थाने ले आई. इस हमले में केदारनाथ के सिर पर चोटें आई हैं.

पीड़ित नामवर सिंह ने सदर कोतवाली में तुंगनाथ सिंह और उनके बेटे अखिलेश सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, अम्बरीश सिंह, सत्यम सिंह, दिलीप सिंह के खिलाफ नामजद तहरीर देकर मामला दर्ज कराया है. आरोपियों पर लाठी-डंडा, टांगी से प्रहार करने और जान मारने की नीयत से गोली चलाने की शिकायत दर्ज कराई गई है.

इस संबंध में सीओ सदर ने बताया की मामला संज्ञान में है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानून सम्मत कार्रवाई की जा रही है. इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. किस असलहे से फायरिंग की गई है – इसकी भी जांच की जाएगी. अगर लाइसेंसी असलहे से फायरिंग की गई है, तो निरस्त्रीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी.