शहीद पुलिसकर्मियों को राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी, कश्मीर में अब बुलेटप्रूफ व्हीकल में चलेगी पुलिस

जम्मू कश्मीर. श्रीनगर में पुलिस बस पर हुए आतंकी हमले में शहीद पुलिसकर्मियों को आज राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी गई। श्रीनगर के पुलिस हेडक्वार्टर में शहीदों के पार्थिव शवों को रखा गया और पुलिस अफसरों ने उन्हें आखिरी विदाई दी। कश्मीर के IGP विजय कुमार ने हमले के बाद कहा है कि अब से पुलिसकर्मी हमेशा बुलेटप्रूफ व्हीकल में ही ट्रैवल करेंगे। उनके मुताबिक आतंकी पुलिस बल से हथियार छीनने की फिराक में थे।

आतंकियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर हमले को अंजाम दिया

विजय कुमार ने बताया कि 13 दिसंबर को पुलिस बस पर हुए हमले में आतंकी हथियार छीनने की फिराक में थे। हमला होते ही पुलिस ने प्रभावी रूप से जवाबी कार्रवाई की। जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर हमले को अंजाम दिया है। हमले में जैश के 3 आतंकियों का हाथ है, इसमें 2 विदेशी और एक स्थानीय आतंकी है। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी घायल हुआ है और खून के निशानों से पता चला है कि वह पंपोर होते हुए त्राल इलाके की तरफ भागा है।

पुलिसवालों को बुलेटप्रूफ व्हीकल दिए जाएंगे

अब पुलिस एक जगह से दूसरी जगह ट्रैवल करते वक्त भारी सतर्कता बरत रही है और अब ऐसे मूवमेंट के लिए उसे बुलेट प्रूफ बस दी जाएगी। हमलावरों ने पहले से ही हमले वाली जगह की रेकी की थी, रोड ओपनिंग पार्टी के हटते ही हमले को अंजाम दिया गया। जैश ने हमले की जिम्मेदारी ले ली है।