JAH के कैंसर विभाग में डॉक्टर और टेक्नीशियन के बीच मारपीट
ग्वालियर. ग्वालियर के JAH में डॉक्टर और टेक्नीशियन का विवाद एक बार फिर चर्चा में है। इस बार सोशल मीडिया पर सामने आए एक VIDEO के कारण यह बात फिर उठी है। इसमें टेक्नीशियन के रूम में सवाल जवाब करने पहुंचे डॉक्टर को टेक्नीशियन ने रूम में ही गालियां देते हुए मारपीट कर दी और धक्का देकर बाहर निकालने लगा फिर डॉक्टर ने भी उसे धक्का दिया है। इसके बाद बाहर से रूम बंद कर टेक्नीशियन चला गया। काफी देर बाद डॉक्टर बाहर निकल पाया है। घटना के बाद से यह VIDEO चर्चा बना हुआ है। इस मामले में डॉक्टर सोमवार को डीन से मिलकर लिखित शिकायत कर सकते हैं। फिलहाल ज्यायारोग्य अस्पताल के डॉक्टर इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
डॉक्टर ने कमियां निकालकर छानबीन की तो टेक्नीशियन को गुस्सा आया
सोमवार सुबह ग्वालियर में सोशल मीडिया पर एक VIDEO सामने आया है। इस वीडियो में एक रूम में बैठा युवक काम कर रहा है। इसी समय अन्य युवक आता है और कुछ बात कहते हुए कागज व रजिस्टर चैक करने लगता है। तभी कुर्सी पर बैठकर काम रहे युवक को गुस्सा आता है और वह बाहर से आए युवक के साथ मारपीट करने लगता है। सोशल मीडिया पर चर्चा बने इस VIDEO के बारे में पता किया तो जानकारी मिली कि यह VIDEO ज्यारोग्य हॉस्पिटल का है। यह JAH के कैंसर विभाग के कोबाल्ट थेरेपी डिपार्टमेंट का है। वीडियो में कुर्सी पर बैठकर काम करने वाला टेक्नीशियन है और जो बाद में छानबीन करता अंदर आया डॉक्टर है। जब डॉक्टर ने कुछ कमियां निकालकर छानबीन की तो टेक्नीशियन को गुस्सा आ गया।
गालियां देकर धक्का देता दिख रहा टेक्नीशियन
सोशल मीडिय पर सामने आए इस VIDEO में टेक्नीशियन उसके रूम में जांच पड़ताल के लिए आए डॉक्टर को गालियां देते हुए धक्का देता हुआ नजर आ रहा है। पता लगा है कि रूम से बाहर निकलकर फिर दोनों में झगड़ा हुआ और टेक्नीशियन ने मारपीट की है। टेक्नीशियन के रूम में लगे CCTV कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है।
शाम तक डॉक्टर एकजुट होकर शिकायत कर सकते हैं
इस मामले से एक बार फिर डॉक्टर और टेक्नीशियन का विवाद सामने आया है। टेक्नीशियन की अपने सीनियर से इस तरह की अभद्रता पर डॉक्टर काफी नाराज है। सोमवार शाम तक इस मामले में डॉक्टर एकजुट होकर डीन डॉ. समीर गुप्ता या जेएएच अधीक्षक आरकेएस धाकड़ से शिकायत कर सकते हैं।