नागरिक उड्डयन मंत्री सिंधिया की पहल पर ग्वालियर के एमआइटीएस में ड्रोन मेला कल
ग्वालियर. नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पहल पर ग्वालियर में 11 दिसंबर को विशाल एवं आकर्षक ड्रोन मेला का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन नागरिक उड्डयन मंत्रालय एवं फिक्की के सहयोग से एमआइटीएस (माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस) में होगा। इस मेले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित अन्य मंत्री एवं सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
भारत की तकनीक क्षमता को बढ़ाते हुए सभी विभाग ड्रोन का उपयोग कर रहे
परिसर में आठ फीट के जाल की बाउंड्रीवाल बनाई जाएगी जिसमें ड्रोनों की प्रतियोगिता भी होगी। एमआइटीएस के निदेशक डा. आरके पंडित ने बताया भारत की तकनीक क्षमता को बढ़ाते हुए सभी विभाग ड्रोन का उपयोग कर रहे हैं। इस क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं हैं। इस मेले से अन्य विभाग भी ड्रोन का उपयोग करने की दिशा में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ड्रोन मेले में किसान, स्कूल-कालेज के छात्र-छात्राओं का समूह एवं इस क्षेत्र में शोध करने वाले शोधार्थी शामिल होंगे। इस अवसर पर खनन, शिक्षा, साइंस एंड टेक्नोलॉजी, लैंड रिकॉर्ड, पुलिस, डीआरडीई, रक्षा आदि विभागों से आए सभी तरह के ड्रोन का प्रेजेंटेशन होगा। तकनीकी क्षमताओं के विकास से समाज के सभी वर्ग जिसमें किसान, हेल्थ सेवा, ट्रांसपोर्ट सेवाओं को और उपयोगी इफेक्टिव एव तेज बनाया जा सकता है। एमआइटीएस में इस बाबत कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां अधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसमें भाग लेने के लिए एमआईटीएस की वेबसाइट पर जानकारी उपलब्ध है।