भोपाल-इंदौर में पुलिस कमिश्नर सिस्टम लागू
भोपाल और इंदौर में पुलिस कमिश्नर सिस्टम गुरुवार शाम से लागू हो गया है। प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि दोनों शहरों में नई पुलिस व्यवस्था काे लागू होने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि भोपाल-इंदौर में अब अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) स्तर के अधिकारी आयुक्त होंगे। इसके आदेश एक-दो दिन में जारी किए जाएंगे। भोपाल में 38 थाने और इंदौर में 36 थाने पुलिस कमिश्नर के दायरे में आएंगे।
बता दें कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे गुरुवार सुबह मंजूरी दे दी थी। विधि विभाग इस ड्राफ्ट का अंतिम बार बारीकी से परीक्षण के बाद इसे फाइनल किया। गुरुवार देर शाम तक ड्राफ्ट नोटिफिकेशन के लिए भेज दिया जाएगा। सिस्टम के अस्तित्व में आने के बाद अब पुलिस कमिश्नर व अन्य अफसरों की पोस्टिंग का आदेश भी जारी किया जाएगा।
अधिसूचना के साथ अधिकारियों की तैनाती
गृह विभाग ने पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने के साथ ही अधिकारियों की पदस्थापना की तैयारियां भी कर ली हैं। पुलिस महानिरीक्षक या उससे ऊपर के अधिकारी को पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारी को पुलिस कमिश्नर बनाया जाएगा।
अपराधों की जांच के लिए तैनात होंगे उप पुलिस आयुक्त क्राइम
बड़े मामलों की जांच के लिए उप पुलिस आयुक्त क्राइम तैनात किए जाएंगे। इनके सहयोग के लिए अन्य अधिकारी दिए जाएंगे। बड़े मामलों की जांच उप पुलिस आयुक्त क्राइम को सौंपी जाएगी। वहीं, यातायात व्यवस्था को देखने के लिए भी उप पुलिस आयुक्त की पदस्थापना होगी। पुलिस आयुक्त प्रणाली के लिए पदों का सृजन किया जाएगा। इसके लिए वित्त विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
भोपाल और इंदौर में 30-30 से ज्यादा होंगे थाने
पुलिस कमिश्नर प्रणाली के अंतर्गत भोपाल और इंदौर में 30-30 से ज्यादा थाने होंगे। ऐसे थाने, जिनमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्र आते हैं, उन्हें पुलिस कमिश्नर प्रणाली में शामिल किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में मौजूदा पुलिस व्यवस्था ही रहेगी।