किसानों ने तहसीलदार की गाड़ी पर किया पथराव
अशोकनगर. यूरिया खाद वितरण केन्द्र पर उत्पाद होने के दौरान समझाने गये तहसीलदार की गाड़ी पर पथराव कर दिया। तहसीलदार ने शिकायती आवेदन दिया। सोमवार की शाम के समय पिपरई के गोदाम पर किसानों की अधिक भीड़ होने की वजह से गोदाम प्रभारी द्वारा तहसीलदार को फोन पर सूचना दी गयी। कुछ देर ही बाद तहसीलदार देवदत्त गोरिया खाद गोदाम पर पहुंचे और किसानों को समझाइश दी। किसानों को समझाने के बाद वह अपनी गाड़ी में बैठकर जा रहे थे। तभी अचानक से अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया। जिससे उनकी गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया।
तहसीलदार देवदत्त गोरिया की गाड़ी पर हुए पथराव के बाद तहसीलदार ने प्रशासनिक अधिकारी एवं थाने में शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि किसानों की अधिक भीड़भाड़ होने के कारण किसानों को समझाइश देने गोदाम पर गये थे। इसी बची गाड़ी पर अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया।
उल्लेखनीय है कि जिले में किसान खाद की किल्लत से जूझ रहे है। प्रतिदिन जगह-जगह कतारों में लगे रहते हैं। कई बार सड़कों पर चक्काजाम कर देते हैं। इसी के चलते पिपरई तहसीलदार की गाड़ी पर आक्रोशित किसानों द्वारा पथराव किया गया है। हालांकि इस बारे में किसी को जानकारी नहीं है कि किसानों ने पथराव किया या फिर अन्य किसी लोगों ने किया है।