UP Assembly Election 2022: बुंदेलखंडियों को लुभाने आएंगी प्रियंका गांधी, कल दौरा
बुंदेलखंड. महोबा में आगामी 27 नवंबर को प्रियंका गांधी वाड्रा का दौरा होने वाला है. इसे लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. जनसभा स्थल पर मंच और पंडाल को तैयार किया जा रहा है. प्रियंका गांधी की जनसभा को सफल बनाने के लिए अजय कुमार लल्लू ने कार्यक्रम स्थल महाराजा छत्रसाल स्टेडियम का निरीक्षण किया और पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए.
गौरतलब है कि महोबा में 27 नवंबर को प्रियंका गांधी वाड्रा का दौरा प्रस्तावित है. इस दौरे में अपार जनसमूह को एकत्र करने के लिए बुंदेलखंड के सभी जिला अध्यक्ष, शीर्ष पदाधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं. उनका दावा है कि प्रियंका गांधी की गोरखपुर, बनारस मैं होने वाली सफल जनसभाओं को लेकर कांग्रेसियों में जबरदस्त उत्साह है. उन्होंने कहा कि यहां का किसान कर्ज में डूबा हुआ है. खाद के लिए वह परेशान हो रहा है. बीमा कंपनियां किसानों का बीमा का पैसा खाकर रफूचक्कर हो गई हैं.
बुंदेलखंड में कांग्रेस पार्टी की ही देन है कि आज बिजली, सड़क, पानी की समस्याएं धीरे-धीरे दूर हो रही हैं. प्रियंका गांधी की आंधी में प्रदेश की सभी पार्टियां ध्वस्त हो जाएंगी. आने वाले समय में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता पर काबिज होगी.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लालू ने बीजेपी सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी और बीजेपी पार्टियां एक दूसरे से श्रेय लेने की होड़ में जुटी हुई है. ये तेरा विकास ,ये मेरा विकास के कामकाज पर दोनों प्रदेश में नूरा कुश्ती खेल रहे हैं. सपा और बीजेपी ने यूपी का विनाश किया, विकास के संसाधन नहीं. बुंदेलखंड की रेत को बीजेपी और समाजवादी पार्टी ने बारी-बारी लूटा है. बीजेपी-सपा ने उत्तर प्रदेश का बेड़ा गर्क किया है. बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों विधानसभा चुनाव की लड़ाई से बाहर हैं.