कैलाश विजयवर्गीय के करीबियों पर आयकर ने मारा छापा, भोपाल से ग्वालियर तक हड़कंप

इंदौर. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के करीबियों पर गुरूवार सुबह 6 बजे आयकर विभाग ने बड़े पैमाने पर छापेमारी की है। कर चोरी और अपनी आय छुपाने की शिकायतों पर यह कार्रवाई चार राज्यों के 65 ठिकानों पर एक साथ की गई है। इसमें इंदौर के डिजियाना समूह, कौटिल्य अकादमी के इंदौर-भोपाल ठिकानों समेत कैलाश विजयवर्गीय के खास मनीषी श्रीवास्तव और महेश दलोत्रा के घरों पर भी सर्चिंग कर रही है। इस कार्रवाई के बाद से इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर से लेकर भोपाल तक हड़कंप मचा हुआ है।

चार राज्यों के 65 ठिकानों पर यह छापेमारी

आयकर विभाग की इंवेस्टिगेशन विंग ने खनन, शराब कारोबार, एफएमसीजी, कोचिंग संचालकों समेत चार राज्यों के 65 ठिकानों पर यह छापेमारी की है। मध्यप्रदेश के अलावा यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और गुजरात में एक साथ चल रही है। इंदौर बेस्ड डिजियाना ग्रुप, कौटिल्य एकेडमी, गुडरिक समूह समेत भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के खास मनीषी श्रीवास्तव और महेश दलोत्रा के घरों पर भी की गई है। इस कार्रवाई में कई प्रभावशाली लोगों के शामिल होने के कारण आयकर विभाग के साथ ही भारी पुलिस बल भी लगाया गया है। भोपाल पुलिस मुख्यालय से ही करीब 200 पुलिसकर्मियों का विशेष बल दिया गया है।

कौटिल्य एकेडमी के मुख्यालय पर भई सर्चिंग जारी

प्रारंभिक सूचना के मुताबिक भोपाल के एमपी नगर स्थित कौटिल्य एकेडमी के दफ्तर पर भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। वहीं इंदौर में भंवर कुआं स्थित कौटिल्य एकेडमी के मुख्यालय पर भई सर्चिंग जारी है। इंदौर के डिजियाना ग्रुप के मालिक सुच्चा सिंह गुम्मान के विष्णुपुरी स्थित बंगले पर भी सर्चिंग जारी है। जबकि भंवर कुआं स्थित कौटिल्य एकेडमी के मुख्यालय पर भी कार्रवाई चल रही है। आयकर विभाग को कई अहम दस्तावेज मिले हैं। खबर लिखे जाने तक दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही थी।