गुना में गोदाम पर लाइन में लगने को लेकर भिड़े किसान, चले लात-घूंसे, कपड़े भी फाड़े

गुना में खाद को लेकर शुक्रवार को हंगामा हो गया। इस दौरान किसान एक-दूसरे से भिड़ गए। उनके बीच जमकर मारपीट हुई। झड़प में कई किसानों के कपड़े तक फट गए। किसानों में जमकर लात-घूंसे चले। किसान यूरिया न मिलने को लेकर नाराज थे। वहीं, लाइन में लगने को लेकर किसानों के बीच पहले कहासुनी हुई। विवाद मारपीट तक पहुंच गया। गोदाम प्रभारी का कहना है कि उनके यहां अभी यूरिया नहीं पहुंचा है। जिले में खाद को लेकर अभी भी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है। केंद्रों पर किसानों की लाइनें लगी हैं। इसके बाद भी खाद नहीं मिल पा रहा है। अब किसानों को यूरिया की आवश्यकता पड़ने लगी है। वहीं, पिछले दो दिन में कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने से खेतों में नमी हैं। आए दिन खाद को लेकर किसान परेशान हैं। रोजाना ही किसानों की नाराजगी सामने आ रही है।

आरोन गोदाम प्रभारी तेज नारायण शर्मा ने बताया कि किसानों की चिंता को देखते हुए दो काउंटर से किसानों को टोकन दिए जा रहे हैं। मशीन पर अंगूठा लगवा कर खाद दिया जा रहा है। अब किसान यूरिया के लिए सुबह से शाम तक लाइन में लगा रहता है। फिलहाल, यहां यूरिया उपलब्ध नहीं है। किसानों को टोकन बांट दिए गए हैं।