सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद प्रशासन ने सिंध नदी में रेत उत्खनन कर रही 4 पनडुब्बी में लगाई आग
भिंड. अमायन थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंघ नदी का सीना चीर कर रेत को खींचने वाली चार पनडुब्बियां को जिला प्रशासन, पुलिस और खनिज विभाग के अफसरों ने छापामार कर पकड़ा। इन पनडुब्बियों को प्रशासनिक अफसरों ने नष्ट करने के लिए आग के हवाले कर नष्ट कराया। यह कार्रवाई देर शाम की।
भिंड में बारिश थमते ही सिंध नदी में अवैध रेत के उत्खनन का कारोबार जोरों पर शुरू हो चुका था यहां नदी के बीच धारा से रेत को पनडुब्बियों के माध्यम से खींचा जा रहा है। ऐसा किए जाने से नदी का स्वरूप बिगड़ रहा है। इस बात की शिकायत स्थानीय स्तर पर लंबे समय से जिला प्रशासन के अफसरों से की जा रही थी। जब प्रशासनिक अफसरों द्वारा कोई सुनवाई नहीं की गई तो स्थानीय लोगों द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद जिला प्रशासनिक अफसरों पर भोपाल में बैठे अफसरों द्वारा फटकर लगाते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद जिला स्तर पर पहली बार ज्वाइंट कार्रवाई की गई। इस टीम में एडीएम प्रवीण फुलपगारे, एएसपी कमलेश खरपुसे, डिप्टी कलेक्टर वरुण अवस्थी, थाना प्रभारी दीपेंद्र यादव सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। इसके बाद मौके पर पहुंचे अफसरों को नदी के अंदर चार पनडुब्बियां मिली। इकसे बाद इन पनडुब्बियां को नष्ट कराए जाने की कार्रवाई की गई।