आकाशवाणी पर एएसआई ने बाइक सवार को चालान भरने के लिए कहा, पूछा किस बात का चालान तो पुलिसकर्मी पीटने लगा, एएसआई सस्पेंड
ग्वालियर. ट्रैफिक पुलिस के एएसआई द्वारा एक वाहन चालक के साथ मारपीट करते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो में वाहन चालक बार-बार यही पूछ रहा है कि उसका किस बात का चालान काटा जा रहा है उसे यह तो बताया जाए पर ट्रैफिक पुलिस का असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर उसे पीटता ही जा रहा है। इतना ही नहीं जब भीड़ एकत्रित हो गई तो उसने कन्ट्रोल रूम पर पॉइंट दे दिया कि दो युवक गुंडागर्दी कर रहे हैं। पुलिस जवानों पर हावी हो रहे है, जल्द फोर्स पहुंचाया जाए। यह घटनाक्रम आकाशवाणी इलाके का है। यह वीडियो पुलिस कप्तान अमित सांघी के पास पहुंचा, उन्होंने माना कि पुलिसकर्मी का आचरण पुलिस मैन्युअल के अनुरूप नहीं है इसलिए उन्होंने असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड करने के निर्देश दिए है।
क्या है पूरा मामला
शुक्रवार शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में खाकी वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी दौड़ता हुआ एक लड़के को पीट रहा है। कभी उसके पेट में घूसा मारता है तो कभी पकड़कर उसे पीटता है। इसके बाद वह कुछ दूरी पर खड़े पिटने वाले लड़के के साथी को मोबाइल पर रिकॉर्डिंग करते हुए देखता है तो उसे पीटने के लिए दौड़ता है, लेकिन वह उसके हाथ नहीं आया। इस पुलिसकर्मी के साथ एक ट्रैफिक की सफेद वर्दी में एक जवान खड़ा है। वीडियो में यही सुनाई दे रहा है कि पिटने वाला युवक बार-बार यही पूछ रहा है कि आप चालान बना रहे हो ठीक है। मैं कोर्ट से गाड़ी छुड़ा लूंगा, लेकिन मेरे साइन कराने से पहले यह तो बता दो कि चालान किस नियम तोड़ने का बना रहे हो। इसी सवाल को बार-बार पूछने पर पुलिसकर्मी बौखला गया था। जब यह वीडियो पुलिस की गलियों में वायरल हुआ तो मारपीट करने वाले पुलिस एएसआई की पहचान ट्रैफिक पुलिस में पदस्थ उत्तम सिंह राजौरिया के रूप में हुई है। यह दो साल पहले नदीगेट पर शानों शौकत के सामने भी एक ट्रैफिक पॉइंट पर इसी तरह किसी विवाद में आने के बाद लाइन अटैच हुए थे। जब पुलिस अधीक्षक तक यह वीडियो पहुंचा तो उन्होंने तत्काल जांच के आदेश देते हुए एएसआई उत्तम सिंह राजौरिया को सस्पेंड कर दिया है।