नया बाजार स्थित 3 मंजिला कपड़ा गोदाम में भीषण आग लगी, 12 गाड़ी पानी फेंकने के बाद भी आग काबू में नहीं आई
ग्वालियर. नया बाजार स्थित कमल ट्रेडर्स के तीन मंजिला कपड़ा गोदाम में देर रात लगभग 12 बजे आग लग गई। गोदाम 3 मंजिला एवं इसकी गहराई अंदर 60 फीट तक है। आग बढ़ने पर दमकल अमला ने बाजार के पीछे गणेश कॉलोनी के रास्ते से भी दमकल से पानी फेंककर आग बुझाई। 12.15 बजे तक 12 गाड़ी पानी फेंकने के बाद भी आग काबू में नहीं आई। दमकल के फटे पाइप एवं पानी फेंकने का प्रेशर न होने से व्यापारियों में आक्रोश था। सूचना मिलने पर विधायक प्रवीण पाठक भी मौके पर पहुंच गए।
गोदाम को रात 9.30 बजे बंद किया था
जानकारी के अनुसार कमल ट्रेडर्स गोदाम अरविंद कुमार का बताया गया है। इसके ऊपर अशोका एक्सक्लूसिव एवं सुमर्थ कृपा का गोदाम है। गोदाम को रात लगभग 9.30 बजे बंद किया गया था और भीतर के हिस्से में लगभग 10.30 बजे के बाद आग लगना शुरू हुई।
दमकल अमले को पार्क की गई कार एवं लोडिंग वाहनों के कारण परेशानी हुई
मौके पर पहुंचे दमकल अमले को पूरे बाजार में सड़क पर पार्क की गई कार एवं लोडिंग वाहनों के कारण परेशानी हुई। पुलिस ने सड़क पर पार्क वाहनों को हटाकर दमकल के लिए रास्ता बनाया।