भोपाल में हमीदिया अस्पताल में हादसे के बाद ग्वालियर के केआरएच में अलर्ट, 56 बेड पर 150 से ज्यादा बच्चे भर्ती

भोपाल के हमीदिया स्थित कमला नेहरू हॉस्पिटल के एसएनसीयू में आग और 8 बच्चों की मौके के बाद ग्वालियर के केआरएच में भी प्रबंधन अलर्ट मोड पर आ गया है, पर उसके बाद भी यहां 56 बेड के एसएनसीयू में 150 से ज्यादा बच्चे मरीज भर्ती है। ऐसे में भोपाल जैसी घटना होती है तो बच्चों को भगदड़ के बीच शिफ्ट करना मुश्किल हो जाएगा। बता दें कि दो दिन पहले ही फायर सेफ्टी का पूरा ऑडिट किया गया है। हर दो वॉर्ड में आग पर काबू पाने के लिए तीन-तीन अग्नि शमन यंत्र लगे है पर यहां बच्चे मरीजों की संख्या सबसे बड़ी आफत बन सकती है, उनको हैंडल करना मुश्किल हो जाएगा। नवंबर 2020 में भी सुपर स्पेशयलिटी में आग लगी थी। अफरा तफरी के बीच दो मरीजों की मौत हुई थी।

बच्चों की संख्या से ही है खतरा

ग्वालियर अंचल में इस समय डेंगू चरम पर है और यहां डेंगू से सबसे ज्यादा बच्चे प्रभावित हो रहे हैं। यदि 50 डेंगू पॉजिटिव निकलते हैं तो उनमें से 30 बच्चे होते हैं। ऐसे में ग्वालियर के केआरएच के एसएनसीयू में हालत खराब है। यहां 56 बेड हैं जहां 150 से ज्यादा बच्चे भर्ती है। यह हालत है कि यहां एक-एक बेड पर दो से तीन बच्चों को भर्ती करना पड़ता है। यही संख्या यहां के प्रबंधन के लिए बड़ी आफत है। यहां फायर उपकरण हैं, एसएनसीयू प्रथम मंजिल पर है, लेकिन यदि भोपाल जैसी आगजनी होती है तो इतनी संख्या में बच्चों को शिफ्ट करना अपने आप में चुनौती होगा।