ग्वालियर में देर रात पटाखे से जूता फैक्ट्री गोदाम में भीषण आग लगी, लाखों रुपए राख हुए

ग्वालियर. दीपावली की रात एक जूता फैक्ट्री गोदाम में पटाखा गिरने से आग लग गई है। आग रात 3 से 4 बजे के बीच लगी है। आग का पता शुक्रवार सुबह 5 बजे उस समय लगा जब गोदाम से आग की लपटें निकलती दिखीं। घटना की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर निकले टीआई हजीरा आलोक सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। यहां एक पड़ोसी भाजपा नेता जान बचाने के लिए टीन शेड से कूदे तो गिरकर घायल भी हो गए। फायर ब्रिगेड ने करीब 4 घंटे की मशक्कत और 10 फायर ब्रिगेड पानी डालकर आग पर काबू पाया है। सुरक्षा के लिहाज से गोदाम के दो मंजिला भवन को तोड़ दिया गया है। जूता फैक्ट्री में आग से लाखों का नुकसान हुआ है।

शहर के लश्कर स्थित दही मंडी में पंजाब फुटवियर फैक्ट्री गोदाम है। साथ ही यहां से फुटवियर सेल भी किए जाते हैं। यहां दो मंजिला गोदाम में दीपावली और सहालग को लेकर नया स्टॉक भरा हुआ था। रात करीब 3 से 4 बजे अचानक कोई पटाखा जलता हुआ गोदाम की जाली से अंदर गिरा और आग भड़क गई। आग लगने का पता उस समय चला, जब आग की लपटें जूता फैक्ट्री गोदाम से बाहर निकलने लगीं। जब लोगों ने आग देखी तो वहां दहशत फैल गई। तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को मामले की सूचना दी गई। उन्होंने आसपास रहने वाले लोगों को अलर्ट करते हुए घरों से बाहर निकाला। इसी समय दमकल दस्ता मौके पर पहुंच गया। जूता फैक्ट्री गोदाम के मालिक राजेन्द्र जुनेजा भी स्पॉट पर पहुंच गए। दकमल दस्ते ने करीब 10 फायर ब्रिगेड पानी फेंककर आग पर काबू पाया है। आग बुझाने में 4 घंटे से ज्यादा समय लग गया। आग में जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लाखों रुपए का माल जलकर राख हाे गया है।