सुमावली विधायक पर 3 एफआईआर लेकिन गिरफ्तारी नहीं, 10 महीने में मुरैना तक नहीं जा सकी ग्वालियर पुलिस
ग्वालियर. ग्वालियर में करोड़ों की जमीन की धोखाधड़ी और एक प्रॉपर्टी डीलर को आत्महत्या के लिए उकसाने के तीन मामले दर्ज होने के बाद भी मुरैना के सुमावली से विधायक अजब सिंह कुशवाह को पुलिस नहीं पकड़ पा रही है। गिरफ्तारी तो छोड़ो मुरैना तक ग्वालियर पुलिस नहीं जा पाई है। कांग्रेस विधायक के ग्वालियर स्थित घर पर ताला लगा मिला जिससे पुलिस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कोई आम नागरिक होता तो पुलिस अभी तक घर से उठा लाती लेकिन आरोपी विधायक है और वह भी विपक्ष से जुड़ा हुआ इसलिए पुलिस अभी तक उसके घर तक नहीं पहुंच पाई है।
यह है पूरा मामला
मुरैना जिले के सुमावली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक अजब सिंह कुशवाह बिल्डर व कॉलोनाइजर भी हैं। वर्ष 2010 में उन्होंने महाराजपुरा के विक्रमपुर और सोहनपुर में कॉलोनी काटी थी। तब उनसे डीडी नगर के प्रॉपर्टी डीलर सीताराम शर्मा ने करीब 42 हजार स्क्वॉयर फीट जगह खरीदी थी। यह प्लॉट थे और प्रॉपर्टी डीलर ने कई लोगों से रुपए लेकर यह खरीद की थी। करीब 1.86 करोड़ रुपए अजब सिंह दिए थे, उन्होंने रजिस्ट्री भी अपने कुछ साथियों से करा दी थी, लेकिन प्लॉट आजतक नहीं मिले। 11 साल तक विधायक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराने के लिए पीड़ित सीताराम भटकता रहा। आखिर में 5 सितंबर 2021 में मामला दर्ज हुआ, लेकिन उसके बाद पुलिस अफसरों ने न तो उसकी गिरफ्तारी की न ही पूछताछ। इससे मानसिक रूप से तनाव में घिरे प्रॉपर्टी डीलर ने विधायक के घर पहुंचकर जहर खा लिया था। बुधवार को उसकी मौत हुई थी। इसके बाद विधायक सहित 5 लोगों पर सीताराम को खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला भी दर्ज किया गया। पर पुलिस दो दिन में विधायक और उसके किसी भी साथी को तलाश नहीं कर पाई है।