दिल्ली में 1 नवंबर से खुलेंगे नर्सरी से लेकर सभी क्लासेज के लिए स्कूल, छठ पूजा को भी मंजूरी

नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में सभी क्लासों को खोले जाने की मंजूरी दे दी गई है। अब 1 नवंबर से स्कूलों को खोला जाएगा इसके साथ ही छठ पूजा के आयोजन की भी मंजूरी दे दी गई है। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस बात की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सभी क्लासों के लिए स्कूल 1 नवंबर से खुलेंगे। बैठक में स्कूल खोलने पर निर्णय लिया गया इसके साथ ही लंबे वक्त से छठ पूजा कराए जाने की मांग को भी मंजूर कर लिया गया है। हालांकि कोरोना गाइडलाइनों का पालन इस दौरान आवश्यक होगा।

इन बातों का रखना होगा ध्यान

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि, दिल्ली में कोरोना के हालात काबू में है। फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है, लेकिन सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि डीडीएमए की बैठक में निर्णय लिया गया है कि छठ पूजा की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि, पढ़ाई ब्लेंडेड मोड में होगी यानी फिजिकल और ऑनलाइन दोनों साथ चल सकेंगे। इसके साथ ही 50 फीसदी से ज्यादा बच्चों को एक बार में नहीं बुलाया जा सकेगा। स्कूल सुनिश्चित करेगा कि उसके सारे स्टाफ को वैक्सीन लग चुकी हो। स्कूल स्टाफ का 100 फीसदी वैक्सीन होना जरूरी होगा। जानकारी मुताबिक, 98 फीसदी स्टाफ को कम से कम 1 डोज लग चुकी है।