ग्वालियर में ट्रेन रोकने जा रहे किसानों व पुलिस में झड़प, 40 को किया गिरफ्तार

ग्वालियर. शहर में रेल रोकने जा रहे किसानों को पुलिस ने रोक दिया, पुलिस ने किसान संगठन से जुड़े 40 कार्यकर्ताओं को घसीटते हुए पुलिस वैन तक ले गई इसके बाद सभी को पुलिस लाइन में बने अस्थायी जेल ले जाया गया। गुना में 20 किसानों को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि रविवार को जैसे ही किसानों ने रेल रोको आंदोलन की चेतवानी दी सभी सुरक्षा एजेंसिया अलर्ट हो गई। इसके मद्देनजर जीआरपी ने भोपाल से पुलिस जवान बुलाए गए। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में बैरिकेड्स लगा दिए गए है।

किसानों व पुलिस में झड़प

किसानो के रेल रोको आंदोलन में पुलिस और किसानों की झड़प हो गई है। जैसे ही रेल रोकने के लिए फूलबाग मैदान से किसान निकले पुलिस ने उनको कुछ ही दूरी पर रोकना चाहा। पुलिस के रोकने पर किसानों ने कड़ा विरोध किया और वहीं सड़क पर बैठ गए। कुछ तो लेट भी गए। इसके बाद पुलिस फोर्स ने तत्काल उनको उठाकर गाड़ियों में डाला। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई पर पुलिस फोर्स काफी तादाद में था। करीब 40 लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस वाहन में अस्थायी जेल डीआरपी लाइन भेजा गया है। किसानों ने कृषि कानून और लखीमपुर खीरी मामले में विरोध जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी थी। इस दौरान स्टेशन भी पुलिस की विशेष सुरक्षा में रहा था। स्टेशन की ओर जाने वाले छोटे-छोटे रास्तों पर भी पुलिस तैनात रही। पटिरयों पर आरपीएफ का दल गश्त करता हुआ नजर आया।