कैलाश विहार में बनेगी सीसी राेड़, नगर निगम ने टेंडर जारी

ग्वालियर. बारिश में खराब हो चुकी शहर की खस्ताहाल सड़कों को ठीक करने के लिए नगर निगम ने टेंडर जारी करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। नगर निगम ने कैलाश विहार की सड़क सहित ज्येंद्रगंज, महलगांव नाला आदि के टेंडर की फाइल स्वीकृत कर दी है। नगर निगम इस बार कैलाश विहार की सड़क को इस प्रकार बनाएगा कि उसमें अब गड्ढ़े नहीं होंगे । इसके लिए उन्होंने कैलाश विहार की सड़क को सीसी का बनाने निर्णय लिया है। इसके साथ ही शहर की अन्य सड़कों के लिए भी नगर निगम अब टेंडर जारी करने जा रहा है। यह सभी टेंडर शार्ट टर्म के होंगे। इसके बाद नवंबर माह में सभी सड़कों का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

निगम ने इसके लिए सबसे पहले उन सड़कों का चयन किया है, जो कि सबसे अधिक व्यवस्तता वाली हैं साथ ही जहां से लगातार ट्रैफिक गुजरता है। वहीं मुख्यमंत्री अधोसंरचना के तहत बनने वाली शहर की सड़कों को ठीक करने के लिए नगर निगम ने शासन से भी पैसा मांगा है। शासन के पास नगर निगम ने 80 करोड़ का प्रस्ताव तैयार करके भेजा है। इसमें शहर की कई सड़कें शामिल हैं। वहीं तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कलस्टर आफिसरों ने भी अपने यहां की खस्ताहाल सड़कों को ठीक करने के लिए प्रस्ताव भेज दिया है। नगर निगम फिलहाल स्वयं के पैसे से सड़कों को बनाने की तैयारी कर चुका है। कैलाश विहार की सड़क से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं, क्योंकि यहीं पर एसबीआइ बैंक की मुख्य ब्रांच है। इसके साथ ही अन्य कई प्रतिष्ठान भी हैं। बारिश के कारण शहर की अधिकांश सड़कें गड्ढ़ों के कारण खस्ताहाल हो चुकी हैं। इसके कारण इन पर चलना भी मुश्किल हो चुका है। सबसे अधिक परेशानी दो पहिया वाहन चालकों को है, क्योंकि कैलाश विहार, ज्येंद्रगंज, आदि सड़कों पर काफी गड्ढ़े हैं।