सीएम ड्यूटी में मुंगेली जा रहे थे 38 जवान, मैनपाट के पास 15 फीट गहरी खाई में गिरी बस

छत्तीसगढ़. मैनपाट में शनिवार सुबह ट्रेनी पुलिस जवानों से भरी बस सड़क किनारे 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 12 जवान घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 4 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। यह सभी जवान मुंगेली में होने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यक्रम में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, मैनपाट स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल से 38 ट्रेनी जवानों को लेकर बस मुंगेली जा रही थी। इसी दौरान अमगांव के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खाई में लुढ़कती चली गई। गनीमत रही कि नीचे जाकर बस पेड़ में फंस गई। राहगीरों ने हादसा होते देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जवानों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।

ड्राइवर ने कहा ब्रेक फेल हुआ

पुलिस का कहना है कि चालक बस को काफी तेज रफ्तार में चला रहा था। इसके चलते मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और चालक संभाल नहीं पाया। हादसे में जवानों को ज्यादा चोट नहीं आई है। वहीं, बस चालक मुंगेलीलाल का कहना है कि बस का ब्रेक फेल हो गया था। इसके चलते वह नियंत्रित नहीं कर सका। हालांकि, बस चालक पूरी तरह से सुरक्षित है उसे चोट नहीं आई है।

ड्राइवर ने रातभर चलाई थी बस

एसपी का कहना है कि ड्राइवर मैदानी इलाके में बस चलाना जानता है। पहाड़ी इलाके में बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। वह मुंगेली से रात भर बस चलाकर सुबह ही पीटीएस पहुंचा था। रास्ते में नींद न आए, इसके लिए भी उसे नहाने और खाना खिलाने के बाद रवाना किया गया। बाकी हादसे को लेकर पुलिस जांच कर रही है।