धनबाद में चार मंजिला मकान गिरा, परिवार मलबे में दबा, एक महिला की मौत

धनबाद. कतरास भगत मुहल्ला में गुरुवार रात 8 बजे चार मंजिला एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मची तो कतरास थाने की पुलिस और बाद में राहत दल पहुंचे. मलबे में दबे प्रदीप गुप्ता, उनकी पत्नी रंजीता उर्फ बॉबी और बेटे सुधांशु को रेस्क्यू टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला. ज़िला प्रशासन की टीमों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला की मौत की पुष्टि डॉक्टरों ने की. जो मकान ढहा, उसे प्रशासन ने पुराना और जर्जर बताते हुए दावा किया कि राहत कार्यों को सूचना मिलते ही तेज़ गति से संचालित किया गया.

गुरुवार रात हुए इस हादसे से पूरे इलाके में अफरातफरी मची तो पुलिस, ज़िला प्रशासन और बीसीसीएल की टीमें कुछ ही देर में मौके पर पहुंचीं. सबसे पहले मलबे से प्रदीप गुप्ता और सुधांशु को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. मलबे में दबने से दोनों को काफी चोटें आई थीं इसलिए तत्काल नज़दीकी निजी अस्पताल में ले जाया गया. देर रात को मलबे से रंजीता को भी निकाला जा सका, लेकिन निजी अस्पताल ले लाने पर डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

इस हादसे की सूचना मिलने के बाद उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी पीके तिवारी, बाघमारा डीएसपी निशा मुर्मू, बीडीओ सुनील प्रजापति, सीओ केके सिंह तथा कतरास थाना को शीघ्र घटनास्थल पर पहुंचने के साथ ही भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के साथ भी कॉर्डिनेट करने के निर्देश दिए. बीसीसीएल एरिया 4 के महाप्रबंधक को भी निर्देशित किया गया. सीओ सिंह ने मकान के जर्जर हालत में होने के कारण ढहने की बात कही तो विधायक ढुलू महतो ने पीड़ितों को त्वरित सहायता दिए जाने की बात कही.