Bihar News: सर्वर में आई खराबी, 17 लाख उपभोक्ताओं को नहीं मिला बिजली बिल
पटना. बिहार में करीब 17 लाख बिजली उपभोक्ताओं को उनका बिजली बिल नहीं मिल पाया है. अकेले पटना में 6 लाख उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्हें अभी तक बिजली बिल (Electricity Bill) नहीं मिला है. जबकि 6 दर्जन अन्य शहरों में ऐसे उपभोक्ता हैं जो बिजली बिल न मिलने की वजह से बकाया राशि जमा करने में परेशानी महसूस कर रहे हैं. दरअसल, सर्वर में आई खराबी (Server failure) को अभी दुरुस्त होने में 2 से 3 दिनों का वक्त लगेगा. इसके बाद ही उपभोक्ताओं को बिजली बिल मिल सकेगा और फिर से राशि जमा कर पाएंगे. इसके लिए उनको और समय दिया जाएगा. वैसे राज्य के ग्रामीण और शहरी सहित अन्य इलाकों के एक करोड़ 53 लाख उपभोक्ताओं को बिजली बिल मिलने या जमा करने में परेशानी नहीं हो रही है.
सर्वर में आई परेशानी को देखते हुए बिजली बिल कंपनी ने तय किया है कि उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करने का समय दिया जाएगा. कंपनी ने अभी औद्योगिक क्षेत्र के उपभोक्ताओं को मैनुअल बिल दे दिया है. इसके साथ ही व्यवसायिक उपभोक्ताओं को भी मैनुअल बिल दिया जा चुका है. घरेलू उपभोक्ताओं को 20 अगस्त से पहले बिल मिल जाएगा. इसके साथ ही उपभोक्ताओं को उसे जमा करने का भी समय दिया जाएगा. बिल पर ही इस बात को दर्ज किया जाएगा कि वह कब तक उसे जमा कर सकेंगे और किस तिथि तक जमा करने के बाद उन्हें जुर्माना नहीं देना होगा या फिर जुर्माना के साथ बिल जमा करना होगा तो उसकी भी तारीख अंकित की जाएगी. बिजली वितरण कंपनी की यह कोशिश है कि उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करने में किसी तरह की कोई परेशानी न हो.
दिल्ली से आए विशेषज्ञ
जानकारी के अनुसार, बिजली कंपनी बिजली बिल दो तरह के सॉफ्टवेयर पर जेनरेट करती है. पिछले दिनों अचानक से रिस्ट्रक्चर्ड एक्सीलरेटेड पावर डेवलपमेंट रिफॉर्म्स प्रोग्राम यानी आरएपीडीआरपी के तहत एसपी सॉफ्टवेयर (जिसके माध्यम से बिजली बिल जो दिया जाता है) में खराबी आ गई. इस सॉफ्टवेयर में खराबी आने के बाद कंपनी के कर्मी दिल्ली से आकर उसे दुरुस्त करने में लगे हुए हैं.
20 अगस्त तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद
अधिकारियों के अनुसार उपभोक्ताओं से संबंधित सभी आंकड़ों को अब अपलोड कर लिया गया है और उसके वेरिफिकेशन का काम भी चल रहा है. दो-तीन दिनों में इसे दुरुस्त कर 20 अगस्त से पहले की तरह ही लोगों को बिजली बिल दिए जाने की उम्मीद है. कंपनी के एक अन्य सॉफ्टवेयर एनआईसी के पोर्टल के माध्यम से राज्य के 1 करोड़ 53 लाख उपभोक्ताओ को बिजली बिल दिया जाता है, जिसमें फिलहाल कोई परेशानी नहीं है. पहले की तरह ही एनआईसी से जुड़े उपभोक्ताओं को बिजली बिल दिए जा रहे हैं. इस तरह के उपभोक्ता आसानी से अपना बिजली बिल भी जमा कर रहे हैं.