नव-निर्मित फ्लाई-ओवर से रीवा में सुगम हुआ यातायात

रीवा सहित पूरे विन्ध्य क्षेत्र का समग्र विकास निरंतर जारी है। जहाँ एक ओर बाणसागर परियोजना ने विन्ध्य क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है, सिंचाई सुविधा बढ़ने से कृषि और व्यापार को बढ़ावा मिला है, वहीं अधोसंरचना विकास में भी विन्ध्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अभी 15 जुलाई को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा नगर में 43 करोड़ 50 लाख रुपये लागत के नव-निर्मित फ्लाई ओवर का वर्चुअल लोकार्पण किया था। उन्होंने कहा था इस फ्लाई ओवर का नाम सरदार वल्लभ भाई पटेल ब्रिज होगा।

फ्लाई-ओवर से सुगम हुआ यातायात

फ्लाई-ओवर के बनने से रीवा की बहु-प्रतीक्षित माँग पूरी हुई है। नव-निर्मित फ्लाई-ओवर पुल से यातायात सुगम हुआ है। नागरिकों को जाम की समस्या से निजात मिली है और उनके समय की बचत हो रही है। यह फ्लाई-ओवर रीवा शहर में वाराणसी-नागपुर मार्ग पर नवीन बस-स्टैण्ड के पास समान तिराहे में बनाया गया है। यह तिराहा शहर के अति-व्यस्त चौराहों में से एक है। फ्लाई-ओवर पुल की लम्बाई 1533 मीटर है और चौड़ाई 12.90 मीटर एवं 8.40 मीटर है। इसे 24 माह में म.प्र. शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा बनवाया गया है।

सीधी और शहडोल की ओर से आने-जाने वाला यातायात, रीवा शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग वाराणसी-नागपुर एन.एच.-7, जो वर्तमान में एन.एच.-30 हो गया है, का यातायात, साथ ही एक तरफ रामपुर कर्चुलियान और दूसरी तरफ बेला की ओर से आगे सतना-अमरपाटन तरफ से बढ़ता आवागमन समान तिराहे पर यातायात का भारी दबाव बनाता है। समीप ही अंतर्राज्यीय बस-स्टैण्ड और ज्योति सीनियर सेकेण्डरी स्कूल होने से भी यातायात का भारी दबाव रहता था। अब फ्लाई-ओवर के निर्माण से यातायात की रफ्तार बढ़ी है और क्षेत्रवासियों को काफी हद तक राहत भी मिली है।

विन्ध्य क्षेत्र का समग्र विकास

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विन्ध्य क्षेत्र का चहुँमुखी विकास निरंतर जारी रहेगा। वहाँ अधो-संरचना विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार आदि सभी क्षेत्रों में कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र में उद्योगों का जाल विछाया जा रहा है। कृषि आधारित उद्योग भी प्रारंभ किये जा रहे हैं। विकास गतिविधियों से विन्ध्य क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़े हैं। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भी रीवा में प्रारंभ हुआ है। एशिया का सबसे बड़ा सोलर पावर प्रोजेक्ट स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में विन्ध्य के विकास को गति मिली

फ्लाई-ओवर के निर्माण पर विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम का कहना है कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा विन्ध्य क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति दी गई है। लोक निर्माण मंत्री श्री गोपाल भार्गव और पूर्व मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ला का कहना है कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विन्ध्य में विकास के प्रत्येक क्षेत्र में विशेष पहल कर समग्र विकास किया है। आगे भी विकास और जन-कल्याण की गतिविधियाँ तेजी से निरंतर जारी रहेंगी। शासन के सभी विभागों का पूरा सहयोग मिलता रहेगा।