पॉलिटिकल पिच पर दिग्गी राजा, ये क्या पूछ बैठे

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह अब पॉलिटिकल पिच पर बल्लेबाजी करने उतर आए हैं। 'एक देश एक चुनाव' पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कई तीखे सवाल दागे। उन्होंने बताया कि फेडरल सिस्टम में ऐसा कतई संभव नहीं है। बता दें कि मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह सरकार ने एक चुनाव सुधार समिति का गठन किया है। दिग्विजय सिंह उसी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब तक संविधान में संशोधन न हो, तब तक ये संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि गुजरात में हाल ही में चुनाव हुए हैं, क्या बीजेपी वहां विधानसभा भंग कर चुनाव कराना चाहेगी। चाहे पंजाब हो, अभी कर्नाटक में चुनाव होने वाला है। त्रिपुरा में भी अभी चुनाव हुए हैं। फेडरल सिस्टम में ये संभव नहीं है। वहीं उन्होंने नर्मदा किनारे शिवराज सरकार के वृहद वृक्षारोपण के सवाल पर कहा कि उनकी यात्रा के पहले 1800 किलोमीटर तक उन्हें न के बराबर पेड़ दिखे और दूसरे 1800 किमी के हिस्से में करीब ढाई सौ पेड़ नजर आए। उनसे जब पूछा गया कि वृक्षारोपण असफल हो गया तो उन्होंने कहा कि आप मुझे पेड़ दिखा दीजिए।