WTC Final 2021: अश्विन या जडेजा...एक स्पिनर उतारने की हालत में विराट कोहली किसे देंगे मौका?

नई दिल्‍ली. भारत और न्‍यूजीलैंड (India vs New Zealand) के बीच 18 से 22 जून तक खेले जाने वाले पहले वर्ल्‍ड टेस्‍ट चैंपियनशिप (WTC Final 2021) फाइनल का हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है. दोनों के बीच साउथेम्‍प्‍टन में ऐतिहासिक मुकाबला खेला जाएगा. जहां इस फाइनल से पहले कीवी टीम के पास मेजबान इंग्‍लैंड के खिलाफ दो टेस्‍ट मैचों की सीरीज से वहां की परिस्थितियों से सामंजस्‍य बैठाने और अपने सर्वश्रेष्‍ठ संयोजन की पहचान करने का मौका है, वहीं विराट कोहली की टीम इंडिया के पास ऐसा कोई मौका नहीं है.

टीम इंडिया 3 जून को यहां पर पहुंची थी और उन्‍हें अपनी प्‍लेइंग इलवेन चुनने के लिए ज्‍यादा अभ्‍यास का समय नहीं मिलेगा. वेस्‍टइंडीज के महान गेंदबाज माइकल होल्डिंग ने भारत की प्‍लेइंग इलेवन के बारे में अपनी राय रखी.


मौसम साफ रहने पर 2 स्पिनर्स को उतार सकता है भारत

काफी एक्‍सपर्ट और खिलाड़ियों का कहना है कि फाइनल में न्‍यूजीलैंड टीम को फायदा मिलेगा, क्‍योंकि इंग्‍लैंड और न्‍यूजीलैंड की कंडीशन लगभग एक समान सी है. हालांकि होल्डिंग का मानना है कि भारत उनके गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव के कारण बढ़त को बनाए रख सकता है. द टेलीग्राफ से बात करते हुए 67 साल के इस पूर्व दिग्‍गज खिलाड़ी ने कहा कि अगर मौसम साफ रहता है तो भारत को दो स्पिनर को मैदान पर उतारना चाहिए. उन्होंने आर अश्विन को भारत की पहली पसंद और नम परिस्थितियों में एकमात्र स्पिनर के रूप में चुना.

नमी में अश्विन बेहतर

उन्‍होंने कहा कि परिस्थिति एक भूमिका निभाएंगी, मगर भारत के पास जिस तरह का गेंदबाजी आक्रमण है, उससे उसे काफी मदद मिलेगी. यदि मौसम साफ रहता है, तो वो दो स्पिनर्स के साथ खेल सकते हैं. उन्‍होंने कहा कि अगर मौसम में नमी होती हैं तो भारत एक स्पिनर को शामिल करेगा और वह अश्विन हो सकते हैं. वह बल्‍ले से भी योगदान दे सकते हैं. एजेस बाउल की पिच स्पिनर्स को टर्न देती है, जो भारत को पसंद आएगा.