क्या गैंगस्टर काला जठेड़ी पर धाक जमाने के लिए सुशील कुमार ने सागर हत्याकांड को दिया अंजाम! जानें पूरी कहानी
दिल्ली (Delhi) के छत्रसाल स्टेडियम में पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के मामले में फरार चल रहे ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार (Sushil Kumar) और उनके एक साथी अजय बक्करवाला को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया है. पहलवान सुशील पर एक लाख और अजय पर 50 हजार का इनाम घोषित था. जबकि इंस्पेक्टर शिव कुमार और कर्मबीर के नेतृत्व वाली दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इन दोनों को अरेस्ट किया था, जिसको एसीपी अन्तर सिंह सुपरवाइज कर रहे थे. हालांकि इस मामले में अब हर रोज नये खुलासे हो रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, सुशील कुमार न सिर्फ दिल्ली पुलिस बल्कि गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी (Gangster Sandeep alias Kala Jathedi) से भी बचने लिए भाग रहे थे. वैसे इस दौरान सुशील कुमार अपने फोन का इस्तेमाल न करके इंटरनेट के जरिए ही अपने लोगों को कॉल कर रहे थे.
बता दें कि गैंगस्टर काला इस समय दुबई में है और वह कुछ दिन पहले दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में शूटआउट के बाद कुलदीप फिज्जा को छुड़ाने के लिए चर्चा में था. ये अलग बात है कि कुछ दिन बाद फिज्जा को दिल्ली पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया. यही नहीं, भले ही गैंगस्टर काला दुबई में है, लेकिन उसका गैंग यहां पूरी तरीके से सक्रिय है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किए जाने को लेकर पहलवान सुशील कुमार को कोई दुख नहीं था बल्कि वह पुलिस से जेल में गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी के गुर्गों से बचाने की अपील कर रहे थे.
एक फ्लैट बना विवाद की वजह और...
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के मॉडल टाउन में सुशील कुमार का एक फ्लैट है जो उनकी पत्नी के नाम पर है, उसमें संदीप काला और लॉरेंस विश्नोई गैंग के बदमाश शेल्टर लेते थे. जबकि यहां से ही दोनों गैंग के लोग दिल्ली, यूपी और हरियाणा के टोल टैक्स बूथों को कंट्रोल करते थे. जबकि फ्लैट पर दिल्ली पुलिस का वांटेड संदीप काला भी आता था. दिल्ली पुलिस के सीनियर ऑफिसर के मुताबिक, मॉडल टाउन के फ्लैट को बेचकर सुशील कुमार और जखेड़ी में पैसे का बंटवारा होना था, लेकिन पिछले कुछ महीनों में जठेड़ी के विरोधी और जेल में बंद नीरज बावना और नवीन बाली ने सुशील कुमार का साथ दिया, जिससे दोनों (सुशील और जठेड़ी ) के बीच मतभेद बढ़ गये.
इसके बाद गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी ने सुशील कुमार पर पैसे के लिए फ्लैट बेचने का दबाव और बढ़ा दिया. इसके बाद पहलवान ने सागर धनखड़ और वहां रहे अन्य लोगों को फ्लैट खाली करने को कहा, तो जखेड़ी गैंग के लोगों ने गाली गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ गया. इसके बाद सुशील कुमार ने सागर और अन्य को चुनौती दे डाली. जबकि इस दौरान सुशील कुमार को गैंगस्टर काला जठेड़ी के विरोधी गैंग के गुर्गों का भरपूर साथ मिला और फिर उनके साथ मिलकर सागर की छत्रसाल स्टेडियम में पिटाई कर दी, जिसमें उसकी मौत हो गई. यही नहीं, इस दौरान अपनी धमक दिखाने के लिए सुशील कुमार ने वीडियो भी बनवाया था. वहीं, सुशील कुमार के इस फ्लैट में गैंगस्टर काला का भांजा सोनू भी रहता था, जोकि इस मारपीट में घायल हो गया. 15 से ज्यादा मामलों में आरोपी सोनू को गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी भांजे के साथ अपना बेटा मानता है और उस पर सुशील के हमले से वह और बौखला गया.
बहरहाल, सागर हत्याकांड के बाद गैंगस्टर काला जठेड़ी के लोगों ने सुशील कुमार और उनके साथियों के खिलाफ ऑलआउट वार का ऐलान कर दिया. इसके बाद सुशील को न सिर्फ पुलिस बल्कि जखेड़ी के गैंग से भी बचने के लिए इधर उधर छुपना पड़ा. सूत्रों के मुताबिक, इस घटना के बाद संदीप काला ने सुशील को धमकी भी दी थी और अपनी फरारी के दौरान सुशील ने उससे सुलह करने की कोशिश भी की, लेकिन मामला बन नहीं सका. यही नहीं, इस गैंग से सुशील और उनके साथियों को जेल में भी खतरा है. बता दें कि चार राज्यों में मोस्ट वांटेड गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी पर 7 लाख रुपये का इनाम घोषित है.